झारखंड के युवक की सऊदी अरब में गोली लगने से मौत, पुलिस की गोली लगने से चली गई जान

गिरिडीह। झारखंड के गिरिडीह से बड़ी खबर आ रही है। सऊदी अरब में झारखंड के युवक की गोली लगने से मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि सऊदी अरब पुलिस एक अभियान चला रही थी, इसी दौरान युवक भी वहां पहुंच गया, जहां गोली लगने से वह घायल हो गया।
युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इधर इस मामले में डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो ने निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर भारतीय दूतावास, झारखंड के राज्यपाल और गिरिडीह DC को पत्र लिखा है।
मृतक का नाम विजय कुमार महतो बताया जा रहा है, जो हुंडई इंजीनियरिंग एंड कंस्ट्रक्शन कंपनी में काम कर रहे थे। बताया जा रहा है कि विजय कुमार महतो कंपनी के कुछ काम से निकले थे, तभी स्थानीय स्मगलरों को पकड़ने के लिए पुलिस गोलीबारी कर रही थी।
इसी दौरान विजय कुमार महतो को गोली लग गई। उन्हें घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया। जहां 24 अक्टूबर को उनकी मौत हो गई। मृतक ने अपनी पत्नी को आखिरी बार भेजें वॉइस नोट में बताया था कि पुलिस किसी और को गोली चल रही थी, लेकिन गोली उसे लग गई।
डुमरी विधायक ने अपने पत्र में कहा है कि विजय कुमार महतो की मृत्यु की पूरी जांच कराई जाए और उनके पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत लाया जाए। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है, परिजन शव की स्वदेश वापसी का इंतजार कर रहे हैं। इधर विधायक जयराम कुमार महतो ने बताया कि कंपनी के अधिकारियों के साथ उनकी लगातार बात हो रही है। जल्दी कंपनी की तरफ से भी सहायता उपलब्ध कराने की बात कही गई है।









