झारखंड के स्कूलों में छुट्टियां: 2026 में स्कूलों की छुट्टी का कैलेंडर हुआ जारी, रविवार की छुट्टियों पर पड़ेंगे कई त्योहार, शीतकालीन और गर्मी छुट्टी को लेकर लिस्ट में…
Jharkhand school holidays: 2026 school holiday calendar released, many festivals will fall on Sundays, winter and summer holidays are also included in the list...

Jharkhand School Holiday List : झारखंड के स्कूलो में साल 2026 के लिए छुट्टी की लिस्ट जारी कर दी गयी है। झारखंड शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (JCERT) ने राज्य के सरकारी, सहायता प्राप्त और अल्पसंख्यक विद्यालयों के लिए वर्ष 2026 की एकीकृत अवकाश तालिका भेज दी है। इस बार पिछले साल की तुलना में ज्यादा छुट्टी मिलेगी। आदिवासी पर्व सोहराय और करमा पूजा के लिए दो-दो दिनों का अवकाश निर्धारित किया गया है, जबकि कई प्रमुख त्योहार रविवार या तृतीय शनिवार को पड़ने के कारण अतिरिक्त छुट्टी नहीं मिलेगी।
पिछले साल से ज्यादा मिलेगी छुट्टी
छुट्टी का ये आदेश यह अवकाश तालिका राज्य के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त तथा अल्पसंख्यक विद्यालयों पर लागू होगी। नई सूची के अनुसार, इस बार राज्य के पारंपरिक और आदिवासी पर्वों को विशेष महत्व दिया गया है। खासतौर पर सोहराय और करमा पूजा के लिए दो-दो दिनों का अवकाश निर्धारित किया गया है, जिसे शिक्षा जगत में सकारात्मक कदम के रूप में देखा जा रहा है।
कई त्योहार रविवार-शनिवार को
वर्ष 2026 में कई अवकाश तृतीय शनिवार और रविवार को पड़ रहे हैं। चूंकि इन दिनों आमतौर पर स्कूलों में पहले से ही छुट्टी रहती है, इसलिए ऐसे अवकाशों के लिए अलग से अतिरिक्त छुट्टी नहीं दी जाएगी। इसके अलावा, पांच दिनों का अवकाश जिलों को स्थानीय पर्व-त्योहारों और क्षेत्रीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए स्वयं निर्धारित करने का अधिकार दिया गया है।
परिषद ने यह भी उल्लेख किया है कि मुस्लिम समुदाय के त्योहार चांद दिखने पर निर्भर करते हैं। ऐसे में ईद, बकरीद और अन्य मुस्लिम पर्वों के लिए घोषित अवकाश की तिथि में चांद दिखने की स्थिति के अनुसार परिवर्तन किया जा सकता है। इस संबंध में आवश्यक संशोधन स्थानीय प्रशासन द्वारा समय पर जारी किया जाएगा।
इन स्कूलों में सप्ताहिक अवकाश शुक्रवार को
एक अन्य महत्वपूर्ण निर्देश में कहा गया है कि विभाग द्वारा अधिसूचित उर्दू विद्यालयों में रविवार के स्थान पर शुक्रवार को साप्ताहिक अवकाश रहेगा। वहीं, किसी विशेष परिस्थिति में यदि विभागीय सचिव या उपायुक्त द्वारा अतिरिक्त विशेष अवकाश घोषित किया जाता है, तो उसकी क्षतिपूर्ति रविवार या अन्य अवकाश के दिनों में की जाएगी, ताकि शैक्षणिक दिनों की निर्धारित संख्या प्रभावित न हो
1 जनवरी से शीतकालीन छुट्टी
अवकाश तालिका के अनुसार, वर्ष की शुरुआत 1 जनवरी से 5 जनवरी तक शीतकालीन अवकाश से होगी। इसके बाद 12 और 13 जनवरी को सोहराय पर्व, 14 जनवरी को मकर संक्रांति और 23 जनवरी को बसंत पंचमी व नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती की छुट्टी रहेगी। 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस, मार्च में होलिका दहन और होली, अप्रैल में रामनवमी, महावीर जयंती और आंबेडकर जयंती के अवसर पर अवकाश निर्धारित किए गए हैं।
गरमी छुट्टी 22 मई से 10 जून तक
ग्रीष्मकालीन अवकाश 22 मई से 10 जून तक रहेगा। इसके बाद वर्ष के दूसरे हिस्से में मुहर्रम, हुल दिवस, रथ यात्रा, रक्षा बंधन, जन्माष्टमी, गणेश चतुर्थी, विश्वकर्मा पूजा और करमा पूजा जैसे पर्वों पर छुट्टियां होंगी। करमा पूजा के लिए 22 और 23 सितंबर को दो दिनों का अवकाश रहेगा। अक्टूबर में गांधी जयंती, दुर्गा पूजा और विजयादशमी, नवंबर में छठ, गुरुनानक जयंती तथा दिसंबर में क्रिसमस और शीतकालीन अवकाश तय किया गया है।
इसके अलावा, संत रविदास जयंती, महाशिवरात्रि, सरहुल, विश्व आदिवासी दिवस, स्वतंत्रता दिवस, दीपावली, बिरसा मुंडा जयंती और झारखंड स्थापना दिवस जैसे पर्व तृतीय शनिवार या रविवार को पड़ने के कारण सामान्य अवकाश की श्रेणी में रखे गए हैं।









