झारखंड : गुस्से में हैं गजराज ! बीच सड़क पर कार रूकवायी, फिर युवक को खींचकर बाहर निकाला, भागा तो पैर से कुचलकर ले ली जान
Jharkhand: The elephant is furious! It stopped a car in the middle of the road, pulled a young man out, and when he ran away, it crushed him to death.

Bokaro News: झारखंड में गजराज काफी गुस्से में हैं। गुस्सा इतना भयावह है कि, वो हर किसी की जान लेने पर उतारू हैं। नया मामला बोकारो जिले के गोमिया थाना इलाके का है, जहां हाथियों ने एक बेहद की दर्दनाक तरीके से युवक की जान ले ली। कार से जा रहे युवक की पहले तो कार रूकवायी, फिर युवक को उसकी कार से खींचकर कुचलकर मार डाला। देर रात घटी इस घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है।
वन विभाग के मुताबिक बोकारो और रामगढ़ जिलों की सीमा से लगे इलाके में तीन से पांच जंगली हाथियों का झुंड घूम रहा है। इसी झुंड ने युवक की जान ले ली. इस घटना से इलाके में डर का माहौल है। घटना कांडर गांव के पास सिमराबेड़ा महतो टोला के पास हुई। मृतक की पहचान रामगढ़ जिले के मुरुमतला के रहने वाले रविंद्र डांगी के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि रविंद्र पेशे से सब्जी विक्रेता था। वह मारुति ओमनी कार में यात्रा कर रहा था, तभी सड़क पर जंगली हाथियों का झुंड आ गया। बताया जा रहा है कि गाड़ी की हेडलाइट बंद थी। हाथियों ने कार रोक दी, युवक को बाहर खींच लिया और पास के खेत में कुचलकर मार डाला।
चश्मदीदों के मुताबिक, ग्रामीणों ने पहले ही हाथियों की मौजूदगी के बारे में चेतावनी दी थी, लेकिन युवक गाड़ी चलाता रहा. घटना के बाद राहगीरों और आस-पास के ग्रामीणों में डर फैल गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में हाथियों की लगातार आवाजाही के बावजूद, पर्याप्त सुरक्षा और चेतावनी व्यवस्था नहीं की गई है।
वन विभाग की ओर से बताया कि यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना 18 जनवरी को रात करीब 8 बजे गोमिया वन क्षेत्र के कांडर इलाके में हुई। फिलहाल, हाथियों का एक झुंड भोजन और पानी की तलाश में इस इलाके से होकर गुजर रहा है, जिससे वे इंसानी बस्तियों की ओर बढ़ रहे हैं। सूचना मिलने पर वन विभाग की क्विक रिस्पॉन्स टीम मौके पर पहुंची और निगरानी और नियंत्रण की कार्रवाई शुरू की।
बोकारो वन प्रमंडल के डीएफओ संदीप शिंदे ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। नियमों के अनुसार मृतक के परिवार को आंशिक मुआवजा दिया गया है, और बाकी राशि जल्द ही दे दी जाएगी। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे रात में जंगलों और हाथी गलियारों के पास यात्रा करने से बचें और किसी भी हाथी के दिखने पर तुरंत वन विभाग को सूचित करें।









