झारखंड: जमीन विवाद में रची गई साजिश का खुलासा. पड़हा राजा सोमा मुंडा हत्याकांड में 14 आरोपी गिरफ्तार
Jharkhand: A conspiracy hatched over a land dispute has been uncovered. Fourteen accused arrested in the Padaha Raja Soma Munda murder case.

खूंटी जिले के चर्चित पड़हा राजा सोमा मुंडा हत्याकांड में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि यह हत्या किसी तात्कालिक विवाद नहीं, बल्कि जमीन कारोबार से जुड़े लंबे विवाद और सुनियोजित साजिश का नतीजा थी। इस मामले में अब तक 14 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
________________________________________
खूंटी। खूंटी जिले में हुए चर्चित पड़हा राजा सोमा मुंडा हत्याकांड को लेकर पुलिस ने बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा किया है।
पुलिस जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि सोमा मुंडा की हत्या किसी अचानक हुए विवाद या आपसी कहासुनी का परिणाम नहीं थी, बल्कि यह जमीन कारोबार से जुड़े लंबे समय से चले आ रहे विवाद और आर्थिक लाभ के लिए रची गई एक सुनियोजित साजिश थी। इस हत्याकांड को पूरी योजना के साथ शूटरों और सहयोगियों की मदद से अंजाम दिया गया।
पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो ने इस मामले में शूटर समेत छह और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले इस कांड में आठ आरोपियों की गिरफ्तारी पहले ही की जा चुकी है।
इस तरह अब तक कुल 14 लोग पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। एसपी ने बताया कि सभी आरोपी जमीन खरीद–फरोख्त के कारोबार से जुड़े हुए थे और विशेष रूप से सीएनटी और गैरमजरुआ जमीन के लेन-देन को लेकर उनका सोमा मुंडा से लंबे समय से विवाद चल रहा था।
आरोपी सोमा मुंडा को अपने रास्ते से हटाकर जमीन कारोबार में अवैध लाभ कमाना चाहते थे। इसी उद्देश्य से उन्होंने सोमा मुंडा की हत्या की साजिश रची। साजिश के तहत पहले हथियारों की व्यवस्था की गई, शूटर तय किए गए और मोटरसाइकिल का इंतजाम कर पूरी योजना को अंजाम देने की रणनीति बनाई गई।
गौरतलब है कि 7 जनवरी 2026 को यह सनसनीखेज वारदात हुई थी। उस दिन सोमा मुंडा अपनी पत्नी के साथ मोटरसाइकिल से खूंटी जा रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उनका पीछा किया और जमुवादाग तालाब के पास देसी पिस्टल से गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे, जिससे इलाके में दहशत फैल गई थी।
हत्या के बाद खूंटी पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल कॉल डिटेल्स, सीडीआर विश्लेषण और गुप्त सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी की। जांच के दौरान हत्या में प्रयुक्त देसी पिस्टल, चार जिंदा गोलियां, दो मोटरसाइकिल और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया गया है।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में 44 वर्षीय दानियल सांगा, 20 वर्षीय सुमित दाल सांड, 20 वर्षीय मार्कुस सांगा, 25 वर्षीय रोशन मिंज, 35 वर्षीय संदीप खलखो और 32 वर्षीय संतोष दाल सांड शामिल हैं। सभी आरोपियों से पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां सामने आई हैं, जिनके आधार पर पुलिस अन्य फरार आरोपियों तक भी पहुंचने का प्रयास कर रही है।









