जेल अधीक्षक की पत्नी की मौत: हत्या या फिर आत्महत्या, मायकेवालों ने लगाये ये सनसनीखेज आरोप, “मेरी बहन को मारकर टांग दिया”
Jail Superintendent's wife dies: Murder or suicide? Her parents make sensational allegations: "My sister was killed and hanged."

जेल अधीक्षक की पत्नी की मौत से सनसनी फैल गयी है। आरोप है कि दहेज प्रताड़ना का शिकार महिला बनी है। मृतका की पहचान दरभंगा जेल के सहायक जेल अधीक्षक की पत्नी के रूप में हुई है। ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या बता रहा है, जबकि मायके वालों ने दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव भेजकर जांच शुरू कर दी है।
________________________________________
Crime News : जेल अधीक्षक की पत्नी की मौत हो गयी। परिजनों का दावा है कि ससुराल पक्ष ने दहेझ की वजह से महिला की जान ली। पूरा मामला बिहार के समस्तीपुर जिले का है।
जिले के विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत शेरपुर गांव में बुधवार सुबह एक महिला का शव संदिग्ध हालत में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान श्वेता कुमारी (28) के रूप में हुई है, जो दरभंगा जेल में पदस्थ सहायक जेल अधीक्षक नंदू चौधरी की पत्नी थीं।
घटना के बाद पूरे गांव में चर्चा का माहौल है, वहीं दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप से मामला और गंभीर हो गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला का शव घर के भीतर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस अधिकारियों ने प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है।
ससुराल पक्ष का दावा – आत्महत्या
हालांकि मृतका के ससुराल पक्ष का कहना है कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी झगड़े के बाद श्वेता कुमारी ने कथित रूप से आत्महत्या जैसा कदम उठाया। हालांकि, ससुराल पक्ष ने इस संबंध में विस्तृत बयान देने से परहेज किया है।
मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप
वहीं, मृतका के मायके वालों ने इस घटना को हत्या करार दिया है। पटना के अगमकुंआ निवासी मृतका के बड़े भाई शशिभूषण चौधरी ने पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने पुलिस को दिए बयान में कहा कि श्वेता की शादी 31 मई 2023 को शेरपुर निवासी नंदू चौधरी से हुई थी।
शशिभूषण चौधरी के अनुसार, विवाह के समय उनकी क्षमता के अनुसार नगद राशि, एक्सयूवी कार और अन्य सामान दिए गए थे। बावजूद इसके, शादी के कुछ ही दिनों बाद दहेज में और रकम तथा फॉर्च्यूनर गाड़ी की मांग की जाने लगी।
दहेज प्रताड़ना के आरोप
मृतका के भाई का आरोप है कि दहेज की मांग को लेकर श्वेता को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने कहा कि इस संबंध में कई बार पारिवारिक स्तर पर समझौते की कोशिश भी हुई, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ।
शशिभूषण चौधरी ने कहा,”मेरी बहन की हत्या कर शव को टांग दिया गया है। इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है। दहेज की मांग को लेकर उसे लंबे समय से परेशान किया जा रहा था।”
हत्या या आत्महत्या – जांच जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ विवेक कुमार शर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। विद्यापतिनगर थानाध्यक्ष सूरज कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि मामला आत्महत्या का है या हत्या का।
पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयानों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच की जाएगी। फिलहाल, घटना के कारणों और परिस्थितियों की पड़ताल की जा रही है।









