झारखंड: देवर के प्यार में पगलाई बीबी ने पति को ही मरवा दिया, पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा, तीन गिरफ्तार

Jharkhand: A wife, madly in love with her brother-in-law, got her husband killed; police made a sensational revelation, and three were arrested.

देवर के प्यार में पगलाई बीबी ने अपने पति का ही खून करा दिया। पुलिस ने अब इस मामले में तीन आरोपी को गिरफ्तार किया है। घटना गोड्डा जिले के महागामा थाना क्षेत्र के मांगन पीपरा गांव की है। पुलिस ने अमित कुमार मोदी की हत्या का सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में मृतक के छोटे भाई और पत्नी की साजिश सामने आई है। तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
________________________________________
गोड्डा। झारखंड के गोड्डा जिले के महागामा में 27 जनवरी की रात हुई चाय–पान दुकानदार अमित कुमार मोदी की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। महागामा पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है कि इस हत्याकांड की साजिश का सूत्रधार कोई बाहरी अपराधी नहीं, बल्कि मृतक का छोटा भाई और उसकी पत्नी ही निकले।

महागामा एसडीपीओ चंद्रशेखर आजाद, एसडीपीओ महागामा ने पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि हत्या के पीछे पारिवारिक कलह और अवैध संबंध मुख्य वजह रहे। पुलिस के अनुसार मृतक की पत्नी सोनी देवी और छोटे भाई रोहित मोदी के बीच पिछले पांच–छह वर्षों से अवैध संबंध थे।

अवैध संबंध बना हत्या की वजह
जांच में सामने आया कि अमित कुमार मोदी को दोनों के रिश्ते में बाधा माना जा रहा था। इसी कारण उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई गई। एसडीपीओ के मुताबिक रोहित मोदी ने गांव के ही मो. शाइन आलम को हत्या के लिए एक लाख रुपये की सुपारी दी। वहीं विजेंद्र पासवान उर्फ बिदो को 25 हजार रुपये में इस साजिश में शामिल किया गया।

पहले से रची गई थी पूरी साजिश
पुलिस ने बताया कि हत्या पूरी तरह योजनाबद्ध तरीके से की गई। वारदात से करीब एक सप्ताह पहले मेदनीचक हाट से गंडासा खरीदा गया। इसके बाद 27 जनवरी की रात शराब पिलाने के बहाने अमित कुमार मोदी को घर से बाहर बुलाया गया।

योजना के अनुसार आरोपियों ने उस पर सिर पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद शव को कब्रिस्तान के समीप फेंक दिया गया, ताकि मामला सामान्य अपराध जैसा लगे।

साक्ष्य मिटाने की कोशिश
मामले में पत्नी की भूमिका भी महत्वपूर्ण पाई गई। पुलिस के अनुसार सोनी देवी ने हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से मृतक का मोबाइल फोन छिपा दिया और बाद में उसे गंगा नदी में फेंक दिया। हालांकि पुलिस ने तकनीकी जांच और स्थानीय सूत्रों की मदद से पूरे घटनाक्रम को जोड़ते हुए साजिश का पर्दाफाश कर दिया।

तीन आरोपी गिरफ्तारपुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल तीन आरोपियों – 25 वर्षीय मो. शाइन आलम, 35 वर्षीय विजेंद्र पासवान उर्फ बिदो तथा 30 वर्षीय सोनी देवी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।एसडीपीओ चंद्रशेखर आजाद ने बताया कि इस मामले में साजिशकर्ता छोटे भाई रोहित मोदी की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इलाके में सनसनी
घटना के खुलासे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। ग्रामीणों के बीच इस बात को लेकर चर्चा है कि पारिवारिक रिश्तों में आई दरार ने एक निर्दोष की जान ले ली। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले में सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles