झारखंड-होली को लेकर अलर्ट : झारखंड पुलिस ने सभी एसपी को भेजा पत्र, होली को लेकर जारी किये कड़े निर्देश, विशेष सतर्कता….
Jharkhand- Holi alert: Jharkhand Police sent a letter to all SPs, issued strict instructions regarding Holi, special vigilance....

झारखंड पुलिस की स्पेशल ब्रांच ने होली को ध्यान में रखते हुए राज्यभर में अलर्ट जारी किया है। सभी जिलों के डीसी और एसएसपी/एसपी को विशेष सतर्कता बरतने, संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने और शांति समिति की बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।
________________________________________
रांची। झारखंड पुलिस की स्पेशल ब्रांच ने होली पर्व को लेकर राज्य के सभी जिलों के लिए विशेष अलर्ट जारी किया है। स्पेशल ब्रांच द्वारा जारी पत्र में पूर्व में होली के दौरान हुई घटनाओं का उल्लेख करते हुए सभी जिलों के उपायुक्त (डीसी) और एसएसपी/एसपी को विशेष एहतियात बरतने के निर्देश दिए गए हैं।अलर्ट में बताया गया है कि इस वर्ष होली 4 मार्च को मनाई जाएगी, जबकि 3 मार्च को होलिका दहन होगा।
वर्तमान समय में मुस्लिम समुदाय का पवित्र रमजान माह भी चल रहा है, जिसमें संध्या समय इफ्तार किया जाता है। ऐसे में होली मिलन समारोह और इफ्तार के समय एक साथ गतिविधियां होने के कारण सांप्रदायिक तनाव की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।स्पेशल ब्रांच ने अपने निर्देश में कहा है कि होली के दौरान जबरन रंग-अबीर लगाने, दूसरे संप्रदाय के धार्मिक स्थलों पर रंग पड़ने या असामाजिक तत्वों द्वारा उकसावे की कार्रवाई से माहौल बिगड़ सकता है।
इसलिए राज्य की सांप्रदायिक संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए विशेष सतर्कता और निगरानी जरूरी है।पत्र में पूर्व की घटनाओं का भी जिक्र किया गया है। रांची के डोरंडा, जगन्नाथपुर, अरगोड़ा और पुंदाग इलाकों में होली के दौरान पहले हुए विवादों का उल्लेख कर इस बार अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा गया है।
इसके अलावा हजारीबाग, रामगढ़, चतरा, गिरिडीह, बोकारो, धनबाद, चाईबासा, पलामू, जामताड़ा और साहिबगंज सहित कई जिलों में होली के समय दर्ज मामलों का विश्लेषण साझा किया गया है, ताकि उन घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।स्पेशल ब्रांच ने जिलों को निर्देश दिया है कि होली मिलन समारोह और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की पूरी विवरणी, आयोजकों के नाम और संभावित भीड़ की जानकारी पहले से एकत्रित की जाए।
होलिका दहन स्थलों की सूची तैयार कर संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए। जबरन रंग लगाने से उत्पन्न विवादों की रोकथाम के लिए ठोस कदम उठाने को कहा गया है।इसके साथ ही पूर्व में विधि-विरुद्ध गतिविधियों में संलिप्त असामाजिक तत्वों की सूची तैयार कर उनपर नजर रखने, अवैध शराब और मादक पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने, अवैध वधशालाओं पर निगरानी रखने तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे व्हाट्सएप और फेसबुक पर भड़काऊ पोस्ट करने वाले समूहों और उनके एडमिन की जानकारी जुटाने के निर्देश दिए गए हैं।
विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बलों की पर्याप्त प्रतिनियुक्ति और सघन गश्ती सुनिश्चित करने को कहा गया है। जिला और थाना स्तर पर शांति समिति की बैठकें आयोजित कर सभी समुदायों से शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार मनाने की अपील करने के निर्देश दिए गए हैं।
स्पेशल ब्रांच ने यह भी आगाह किया है कि होलिका दहन के दौरान पूर्व के विवादों को लेकर आगजनी जैसी घटनाएं हो सकती हैं, इसलिए संवेदनशील स्थानों पर कड़ी निगरानी रखी जाए। अवैध और नकली शराब की बिक्री रोकने, पशु तस्करी और प्रतिबंधित मांस के परिवहन पर कार्रवाई करने तथा नशे में तेज वाहन चलाने वालों पर सख्ती बरतने को कहा गया है।









