झारखंड बैंक लूट ब्रेकिंग: गोलियों की तड़तड़ाहट के बीच बैंक लूट की कोशिश, गार्ड को मारी गोली, इमरजेंसी अलार्म, बैंक मैनेजर ने….

Jharkhand Bank Robbery Breaking: Attempted bank robbery amid gunfire, guard shot, emergency alarm sounded, bank manager...

गोड्डा के महागामा अनुमंडल मुख्यालय में सोमवार को बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में हथियारबंद अपराधियों ने लूट का प्रयास किया। सुरक्षा गार्ड की सतर्कता और बैंक प्रबंधन की सूझबूझ से बड़ी वारदात टल गई। फायरिंग में गार्ड घायल हो गए, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
________________________________________
Jharkhand Bank Loot : झारखंड के गोड्डा जिले से एक बड़ी खबर आ रही है। महागामा अनुमंडल मुख्यालय में सोमवार को दिनदहाड़े बैंक लूट की कोशिश हुई है। केचुआ चौक स्थित Bank of India की महागामा शाखा में चार की संख्या में आए हथियारबंद बदमाशों ने कैश काउंटर तक पहुंचने की कोशिश की। हालांकि बैंक में तैनात सुरक्षा गार्ड की सतर्कता और शाखा प्रबंधक की त्वरित कार्रवाई से बड़ी वारदात टल गई।

जानकारी के अनुसार, दो अपराधी हेलमेट पहनकर बैंक के अंदर घुसने का प्रयास कर रहे थे, जबकि एक संदिग्ध पहले से ही बैंक के भीतर मौजूद था। जैसे ही सुरक्षा गार्ड 50 वर्षीय विनोद कुमार सिंह ने उन्हें रोककर हेलमेट हटाने को कहा, अपराधियों में से एक ने उन पर गोली चला दी। गोली उनके कंधे को छूते हुए निकल गई, जिससे वे घायल हो गए। इसके बाद बदमाशों ने दो राउंड फायरिंग की और गार्ड से बंदूक छीनने का भी प्रयास किया।

इस घटना से बैंक परिसर में अफरातफरी मच गई। गोली की आवाज सुनते ही शाखा प्रबंधक ने तुरंत इमरजेंसी अलार्म बजा दिया और सूझबूझ दिखाते हुए लॉकर को सुरक्षित रूप से बंद कर दिया। अलार्म बजते ही बदमाश घबरा गए और मौके से फरार हो गए। भागते समय उन्होंने दो राउंड हवाई फायरिंग भी की, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।

घायल गार्ड विनोद कुमार सिंह को तत्काल महागामा रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। बैंक कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने उनकी बहादुरी की सराहना की है, क्योंकि उनकी तत्परता से बड़ी लूट की घटना टल गई।

घटना की सूचना मिलते ही महागामा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इंस्पेक्टर उपेंद्र महतो और थाना प्रभारी मनोज पाल ने दल-बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के क्षेत्र की घेराबंदी कर सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

महागामा का इलाका बिहार की सीमा से सटा हुआ है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सीमा से जुड़े क्षेत्रों में अपराधी वारदात को अंजाम देकर आसानी से दूसरे राज्य में फरार हो जाते हैं। इससे पहले भी महागामा में बैंक ग्राहकों से लूट की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन इस बार सीधे बैंक शाखा को निशाना बनाने का प्रयास अपराधियों के बढ़ते हौसले को दर्शाता है।

Related Articles