धनबाद: ACB की टीम की बड़ी कार्रवाई, पूर्व सांसद रीता वर्मा के बॉडीगार्ड रहा जवान गिरफ्तार, बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में भर्ती

Dhanbad: ACB team takes major action; soldier who was bodyguard to former MP Rita Verma arrested; health deteriorates, hospitalized

धनबाद में आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने रिटायर्ड जमादार लालेश्वर सिंह (63) को गिरफ्तार किया है। वे पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रो. रीता वर्मा के बॉडीगार्ड रह चुके हैं। गिरफ्तारी के बाद स्वास्थ्य बिगड़ने पर उन्हें एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया है। मामले की जांच 2016 से चल रही थी।
________________________________________
धनबाद। एसीबी की टीम ने होली के ठीक पहले बड़ा एक्शन लिया है। आय से अधिक संपत्ति के एक बहुचर्चित मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रिटायर्ड जमादार लालेश्वर सिंह (63) को गिरफ्तार कर लिया है। एसीबी की धनबाद टीम ने हीरापुर एक्स कोल बोर्ड कॉलोनी स्थित उनके आवास पर छापेमारी कर उन्हें हिरासत में लिया।

बताया जा रहा है कि लालेश्वर सिंह जब सिपाही के पद पर कार्यरत थे, उस दौरान वे पूर्व केंद्रीय मंत्री रीता वर्मा के बॉडीगार्ड भी रह चुके हैं। उन पर आरोप है कि सेवा अवधि के दौरान उन्होंने अपनी वैध आय से कहीं अधिक संपत्ति अर्जित की। एसीबी अधिकारियों के मुताबिक, उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत लंबे समय से लंबित थी।

एसीबी के मुताबिक लालेश्वर सिंह के विरुद्ध 4 जनवरी 2023 को कांड संख्या 1/2023 दर्ज किया गया था। हालांकि, इस मामले की जांच वर्ष 2016 से ही चल रही थी। फरवरी 2019 में उनके खिलाफ प्रारंभिक जांच (पीई) दर्ज की गई थी। शिकायत की पुष्टि के बाद सितंबर 2020 में तत्कालीन एसपी द्वारा 191 पन्नों की विस्तृत जांच रिपोर्ट मुख्यालय को सौंपी गई थी। रिपोर्ट के आधार पर वर्ष 2023 में औपचारिक प्राथमिकी दर्ज की गई।

जांच के दौरान यह सामने आया कि लालेश्वर सिंह ने अपनी सेवा अवधि में लगभग 15 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति अर्जित की। आरोप है कि यह संपत्ति उनकी ज्ञात आय के स्रोतों से कहीं अधिक है। इसी आधार पर एसीबी ने कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया।गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम उन्हें मेडिकल जांच के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) लेकर गई।

मेडिकल जांच के दौरान उनका ब्लड प्रेशर और शुगर लेवल बढ़ा हुआ पाया गया, जिसके बाद एहतियातन उन्हें अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। एसीबी अधिकारियों ने बताया कि अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

Related Articles