झारखंड के आशिकों को हुआ क्या है ? टावर पर चढ़ रहा ‘इश्क’, नीचे खड़ी रहती है पुलिस, पॉक्सो आरोपी ने शादी की जिद में 100 मीटर ऊंचाई पर काटे 12 घंटे
What's wrong with the lovers of Jharkhand? Love climbs towers, while the police stand guard below. A POCSO accused, determined to marry, spends 12 hours at a height of 100 meters.

गिरिडीह। झारखंड में इन दिनों प्यार-मोहब्बत को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ने का “ट्रेंड” तेजी से बढ़ रहा है। प्रेमी-प्रेमिका के हाईवोल्टेज ड्रामे अब सीधे मोबाइल टावरों तक पहुंच रहे हैं। एक नया मामला गिरिडीह में सामने आया है। गिरिडीह जिला मुख्यालय से करीब 8 किलोमीटर दूर बेंगाबाद थाना क्षेत्र के मोतीलेदा गांव में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक शादी की मांग को लेकर करीब 100 मीटर ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया।
युवक की पहचान संजय रजक उर्फ संजय बांसुरिया के रूप में हुई है, जो मोतीलेदा पंचायत के लकठाही गांव का निवासी बताया जा रहा है।सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जिस लड़की से शादी की मांग को लेकर युवक टावर पर चढ़ा, उसी युवती ने उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट और यौन शोषण का मामला दर्ज कराया है।
“शादी तय थी”, युवक का दावा
हालांकि टावर पर चढ़े युवक का कहना है कि नगर थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती से उसका प्रेम संबंध था और दोनों परिवारों के बीच शादी की बात भी तय हो चुकी थी। युवक का दावा है कि बाद में युवती के परिजनों ने लड़की को “भड़का” दिया और उसके खिलाफ झूठा केस दर्ज करा दिया। युवक का आरोप है कि शादी से इनकार करने के बाद उसे फंसाने के लिए पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया गया। अब वह केस वापस लेने और युवती से शादी कराने की मांग पर अड़ा हुआ है।
युवती ने लगाए गंभीर आरोप
दूसरी ओर युवती ने युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती के आवेदन के आधार पर 18 अप्रैल को बेंगाबाद थाना में कांड संख्या 60/26 दर्ज किया गया था। केस में युवक और उसके भाई को नामजद आरोपी बनाया गया है। युवती ने पुलिस को बताया कि युवक के परिजन शादी का प्रस्ताव लेकर आए थे, लेकिन नाबालिग होने के कारण उसके परिवार ने रिश्ता ठुकरा दिया। इसके बाद युवक लगातार दबाव बनाने लगा।
आरोप है कि युवक युवती को जबरन अपने घर ले गया, वहां उसका यौन शोषण किया और फोटो-वीडियो भी बना लिए। युवती ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उसकी अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी।
12 घंटे तक टावर पर बैठा रहा आरोपी
सोमवार सुबह टावर पर चढ़ा युवक करीब 12 घंटे बीत जाने के बाद भी नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। सूचना मिलते ही बेंगाबाद थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह, गांडेय थाना प्रभारी अमित कुमार चौधरी समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने युवक को समझाने की लगातार कोशिश की।
यहां तक कि युवक की मांग पर युवती और उसके परिजनों को भी मौके पर बुलाया गया, लेकिन इसके बावजूद वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ।बताया जा रहा है कि युवक ने उल्टा युवती को ही टावर पर चढ़ाने की मांग शुरू कर दी, जिससे मौके पर तनाव और बढ़ गया। बीते कुछ दिनों में गिरिडीह और धनबाद में इस तरह की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
कुछ दिन पहले गिरिडीह के निमियाघाट में एक युवक प्रेमिका से शादी की मांग को लेकर टावर पर चढ़ गया था। अगले ही दिन उसकी प्रेमिका धनबाद के हरिहरपुर में टावर पर चढ़ गई थी।अब मोतीलेदा की यह घटना सामने आने के बाद सवाल उठने लगे हैं कि क्या मोबाइल टावर अब प्रेम प्रदर्शन और दबाव की नई जगह बनते जा रहे हैं?









