शिक्षक पर फायरिंग: दिनदहाड़े शिक्षक पर गोलीबारी से मची सनसनी, सैलून से लौट रहे मास्टर साहब पर दनादन फायरिंग, पुलिस ने आरोपी को घेरीबंदी कर दबोचा

हजारीबाग के पदमा में रिटायर्ड शिक्षक पर फायरिंग मामले में पुलिस ने 24 घंटे में मुख्य आरोपी कृष्णा महतो को गिरफ्तार किया। पिस्टल, गोलियां और बाइक बरामद।

हजारीबाग: झारखंड में बदमाशों के हौसले कुछ ज्यादा ही बुलंद हो गये हैं। हजारीबाग में बदमाशों ने दिनदहाड़े फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की। मामला हजारीबाग जिले के पदमा ओपी क्षेत्र की बतायी जा रही है। जहां सेवानिवृत्त शिक्षक रामजय कुमार महथा पर फायरिंग के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के पास से लोडेड इटालियन पिस्टल, जिंदा गोलियां, खोखे, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुरजपुरा गली नंबर-01 निवासी कृष्णा महतो उर्फ महेश महतो (40 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक मामलों से संबंध रहा है और उसके खिलाफ पदमा समेत अन्य थानों में मामले दर्ज हैं।

सैलून से लौट रहे थे शिक्षक, रास्ते में हुई फायरिंग

हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अमन कुमार इस घटना को लेकर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि  सुबह करीब 8:30 बजे हुई। रामजय कुमार महथा सैलून से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाकर दो राउंड फायरिंग की।

फायरिंग में गोली लगने से शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद उन्हें तत्काल इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार किया गया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।

एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित हुई SIT

मामले की गंभीरता को देखते हुए बरही एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी जानकारी और गुप्त सूचना के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की।पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान टीम को कृष्णा महतो के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना मिली। इसके बाद जिहु गांव में छापेमारी की गई। पुलिस ने आरोपी को उसकी बहन यशोदा देवी के घर से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार बदले की भावना से की गई फायरिंग

एसपी अमन कुमार के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने शिक्षक के साथ पहले से चले आ रहे आपसी विवाद के कारण बदला लेने के लिए फायरिंग करने की बात कही है।हालांकि, घटना में आरोपी के साथ और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा फायरिंग के पीछे विवाद की पूरी वजह क्या थी, पुलिस इसकी भी जांच कर रही है।

आरोपी के पास से हथियार समेत यह सामान बरामद

पुलिस ने आरोपी के पास से निम्न सामान बरामद करने की जानकारी दी है—

  • एक लोडेड पिस्टल
  • 8 जिंदा गोलियां
  • 2 मिस फायर गोलियां
  • 2 खोखे
  • घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल
  • 2 मोबाइल फोन

पुलिस बरामद हथियार और अन्य सामान के आधार पर मामले की आगे जांच कर रही है।

कई मामलों में आरोपी रहा है कृष्णा महतो

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार कृष्णा महतो उर्फ महेश महतो के खिलाफ पदमा और अन्य थानों में कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक रिकॉर्ड और पूर्व के मामलों की भी जानकारी जुटा रही है।छापेमारी टीम में बरही एसडीपीओ, पुलिस निरीक्षक अनिल कुमार, पदमा ओपी के पुलिस पदाधिकारी, सशस्त्र बल के जवान तथा तकनीकी और संगठित अपराध शाखा की टीम शामिल थी।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फायरिंग की घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

Desk Hpbl

It is one of the rapidly emerging news websites of the country. HPBL has proved its name (Har Pal Breaking Live) meaningful every time. HPBL, which has become a trusted brand of Bihar-Jharkhand, check every news of HPBL for its reliability before delivering it to you. The reporters and desk staff of hpblnews.com news website work on a 24X7 mission mode for you, the readers.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *