Giridih News: 120 फीट ऊंची टंकी पर 4 साल के बेटे को लेकर चढ़ा युवक, बच्चे को फेंकने की धमकी से मचा हड़कंप

गिरिडीह। झारखंड के गिरिडीह में गुरुवार को एक युवक की हरकत से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। अजीडीह में महादेव त्रिवेदी नाम का युवक अपने चार साल के बेटे को लेकर करीब 120 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गया। टंकी के ऊपर पहुंचकर वह बच्चे को नीचे फेंकने और खुद भी कूदने की धमकी देने लगा। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। करीब तीन घंटे तक चले समझाने-बुझाने के प्रयास के बाद युवक और बच्चे को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
बेटे को लेकर टंकी के ऊपरी हिस्से पर पहुंचा युवक
जानकारी के अनुसार, महादेव त्रिवेदी अपने चार साल के बेटे को लेकर पानी की टंकी के ऊपरी हिस्से पर बैठ गया था। इस दौरान वह बच्चे को रेलिंग से नीचे फेंकने की धमकी दे रहा था। साथ ही खुद भी कूदने की बात कह रहा था।
युवक की इस हरकत को देखकर मौके पर मौजूद लोग घबरा गए। स्थानीय लोगों ने उसे समझाकर नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन वह उनकी बात मानने को तैयार नहीं हुआ। इसके बाद प्रशासन को सूचना दी गई।
पुलिस ने तीन घंटे की मशक्कत के बाद दोनों को उतारा
घटना की जानकारी मिलने पर इंस्पेक्टर ज्ञान रंजन ने एसआई शैलेंद्र कुमार को मौके पर भेजा। अंचलाधिकारी जितेंद्र प्रसाद भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस और प्रशासन की टीम ने युवक को समझाने और उसे सुरक्षित नीचे लाने के प्रयास शुरू किए।
करीब तीन घंटे तक चले इस घटनाक्रम के बाद एसआई शैलेंद्र कुमार टंकी पर चढ़े और युवक व उसके बेटे को सुरक्षित नीचे उतार लिया। दोनों के सुरक्षित बाहर आने के बाद पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
पारिवारिक जमीन विवाद की बात आई सामने
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, युवक पारिवारिक जमीन विवाद को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ा था। घटना के बाद टंकी के पास एक पेड़ के नीचे युवक के गोतिया और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में बातचीत कराई गई। इस दौरान विवाद को सुलझाने का प्रयास किया गया।
घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुटी रही। पुलिस और प्रशासन की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।
जमीन विवाद सुलझाने का प्रयास जारी
अंचलाधिकारी जितेंद्र प्रसाद ने बताया कि पारिवारिक जमीन विवाद के कारण युवक अपने बच्चे के साथ पानी की टंकी पर चढ़ गया था। युवक और बच्चे को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है। उन्होंने बताया कि विवाद का समाधान निकालने के लिए बातचीत और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। प्रशासन का प्रयास है कि पारिवारिक विवाद को बातचीत के जरिए सुलझाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की स्थिति दोबारा न बने।









