Palamu Violence: पूजा विसर्जन के दौरान पलामू में बवाल, दो जगह पुलिस पर पथराव; 6 जवान घायल, आत्मरक्षा में पुलिस ने चलाई गोलियां

पलामू। झारखंड के पलामू जिले में लक्ष्मी पूजा और काली पूजा विसर्जन के दौरान सोमवार रात दो अलग-अलग इलाकों में हिंसक झड़प हो गई। दो गुटों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते पथराव और मारपीट में बदल गया। हालात संभालने पहुंची पुलिस टीम पर भी उपद्रवियों ने ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। दोनों घटनाओं में छह पुलिस जवान घायल हुए हैं, जबकि पुलिस के तीन वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। रकसाहा में पुलिस ने आत्मरक्षा में करीब चार राउंड फायरिंग भी की। घटना के बाद दोनों इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
लक्ष्मी पूजा विसर्जन के दौरान दो गुटों में खूनी संघर्ष
पहली घटना रेहला थाना क्षेत्र के रकसाहा की है। यहां सोमवार रात लक्ष्मी पूजा के दौरान डीजे बजाने समेत अन्य कारणों को लेकर दो गुटों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और तनाव बढ़ने लगा। विवाद की सूचना मिलने पर रेहला थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति शांत कराने का प्रयास किया।
इसी दौरान आक्रोशित भीड़ ने पुलिस टीम को घेर लिया और अचानक ईंट-पत्थरों से हमला शुरू कर दिया। इस हमले में चार पुलिस जवान घायल हो गए। स्थिति बेकाबू होते देख पुलिस ने आत्मरक्षा में करीब चार राउंड फायरिंग की। इस दौरान पुलिस का एक वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। घटना में कुछ ग्रामीणों के भी घायल होने की सूचना है।
पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी, शांति के बाद हुआ प्रतिमा विसर्जन
रेहला थाना प्रभारी गुलशन बिरूआ ने बताया कि दो गुटों के बीच झड़प की सूचना पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची थी। बीच-बचाव के दौरान भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया, जिसमें चार जवान घायल हुए हैं। मामले में गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
फिलहाल रकसाहा में स्थिति शांतिपूर्ण बताई जा रही है। एहतियात के तौर पर पुलिस लगातार निगरानी कर रही है। हालात सामान्य होने के बाद पूजा समितियों की ओर से प्रतिमाओं का विसर्जन कराया गया।
सतबरवा के सिंदुरिया में भी काली पूजा विसर्जन पर बवाल
दूसरी घटना सतबरवा थाना क्षेत्र के सिंदुरिया इलाके की है। यहां काली पूजा विसर्जन के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। बताया जा रहा है कि इलाके में एक पक्ष पहले से काली पूजा का आयोजन करता आ रहा है, जबकि इस वर्ष दूसरे पक्ष ने पहली बार पूजा का आयोजन किया था।
डीजे बजाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ था। इसके बाद पहले बार पूजा आयोजित करने वाले पक्ष ने प्रतिमा विसर्जन कर दिया। बाद में पुराने पूजा आयोजन से जुड़े लोग विसर्जन के लिए निकले, तभी दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते पथराव शुरू हो गया और इलाके में तनाव फैल गया।
DSP के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम पर भी बरसे पत्थर
हिंसक झड़प की सूचना मिलते ही डीएसपी राजेश यादव के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने भीड़ को नियंत्रित कर हालात सामान्य करने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान उपद्रवियों ने पुलिस टीम को भी निशाना बना लिया और जमकर पथराव किया।
इस हमले में दो पुलिस जवान घायल हो गए, जबकि पुलिस के दो वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
दो घटनाओं के बाद पुलिस अलर्ट, आरोपियों की तलाश जारी
पलामू में एक ही रात दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई हिंसक घटनाओं के बाद पुलिस और प्रशासन सतर्क हो गया है। दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। फिलहाल दोनों इलाकों में पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।









