विधानसभा में गरमाई सियासत ! कल्पना सोरेन ने केंद्र को घेरा,10 साल में 1.56 लाख करोड़ के नुकसान का दावा

एमएमडीआर संशोधन अधिनियम 2026 के खिलाफ राजकीय संकल्प के समर्थन में झामुमो विधायक का तीखा हमला, बोलीं- जमीन हमारी जाती है, जंगल हमारे कटते हैं और विस्थापन का दर्द भी स्थानीय लोग झेलते हैं

 

रांची। झारखंड की खनिज संपदा और उस पर राज्य के अधिकारों को लेकर विधानसभा में सियासी घमासान तेज हो गया है। एमएमडीआर संशोधन अधिनियम, 2026 के खिलाफ सदन में पेश राजकीय संकल्प के समर्थन में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की विधायक कल्पना सोरेन ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दो टूक कहा कि झारखंड कोई उपनिवेश नहीं है, जहां से केवल प्राकृतिक संसाधनों का दोहन किया जाए और राज्य को उसके अधिकारों से वंचित रखा जाए। राज्य केंद्र सरकार का साझीदार जरूर है, लेकिन साझेदारी का अर्थ यह नहीं हो सकता कि उसके वित्तीय अधिकार सीमित कर दिए जाएं और उसे आर्थिक रूप से कमजोर बना दिया जाए।

कल्पना सोरेन ने कहा कि खनिज संपदा पर अधिकारों का यह मुद्दा सिर्फ झारखंड के वर्तमान से जुड़ा नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य और संवैधानिक अधिकारों से भी इसका सीधा संबंध है। सवाल केवल यह नहीं है कि खनिज संपदा से राज्य को कितना राजस्व मिलेगा, बल्कि असली सवाल यह है कि इससे पैदा होने वाली समृद्धि में यहां के लोगों की कितनी हिस्सेदारी होगी। उन्होंने सवाल उठाया कि जिन लोगों की आजीविका खनन गतिविधियों के कारण प्रभावित होती है, उन्हें अपने अधिकारों के लिए आखिर कब तक संघर्ष करना पड़ेगा?

10 साल में 1.56 लाख करोड़ रुपये के नुकसान की आशंका

विधानसभा में खनिज राजस्व के आंकड़े रखते हुए कल्पना सोरेन ने दावा किया कि झारखंड को अगले 10 वर्षों में खनिज संपदा से करीब 2.56 लाख करोड़ रुपये का संभावित राजस्व प्राप्त हो सकता था। लेकिन एमएमडीआर संशोधन अधिनियम लागू होने के बाद यह राशि घटकर लगभग एक लाख करोड़ रुपये रह जाने का अनुमान है। इस हिसाब से राज्य को करीब 1.56 लाख करोड़ रुपये का संभावित नुकसान हो सकता है। यह कुल अनुमानित राजस्व का लगभग 61 प्रतिशत है।

उन्होंने यह भी दावा किया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में राज्य के कुल खनिज राजस्व में 285 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। राज्य सरकार प्राकृतिक संसाधनों से मिलने वाले राजस्व का उपयोग आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने और विकास कार्यों को गति देने के लिए करना चाहती है। ऐसे में खनिज राजस्व में संभावित कमी का असर केवल सरकारी खजाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसका प्रभाव राज्य की विकास योजनाओं, बुनियादी सुविधाओं और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य पर भी पड़ सकता है।

‘जमीन हमारी जाती है, जंगल हमारे कटते हैं और विस्थापन हम झेलते हैं’

खनन के सामाजिक और पर्यावरणीय प्रभावों का मुद्दा उठाते हुए कल्पना सोरेन ने कहा कि खनिजों का इस्तेमाल देश के किसी भी हिस्से में हो सकता है, लेकिन उनके उत्खनन का सबसे अधिक दुष्प्रभाव उसी क्षेत्र के लोगों को झेलना पड़ता है, जहां से खनिज निकाले जाते हैं। उन्होंने कहा कि जमीन झारखंड की जाती है, जंगल यहां के कटते हैं और प्रदूषण, बीमारियों से लेकर विस्थापन तक का दर्द स्थानीय लोगों को सहना पड़ता है।

उन्होंने कोयला कंपनियों के पास मौजूद दो लाख एकड़ से अधिक जमीन का उल्लेख करते हुए कहा कि इन जमीनों से जुड़े लोगों की सामाजिक और आर्थिक स्थिति का मूल्यांकन किया जाना चाहिए। खनन से होने वाले आर्थिक लाभ के साथ-साथ स्थानीय समुदायों की ओर से चुकाई जा रही कीमत पर भी गंभीरता से विचार करने की जरूरत है।

कल्पना सोरेन ने सवाल किया कि जब राज्य सरकार खनन प्रभावित लोगों की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने और उनके जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए संसाधन जुटाना चाहती है, तो केंद्र सरकार को इससे परेशानी क्यों होनी चाहिए? उनके मुताबिक, खनिज संपदा से होने वाली कमाई का लाभ उन लोगों तक भी पहुंचना चाहिए, जिनकी जमीन, जंगल और आजीविका इस खनन प्रक्रिया से प्रभावित होती है।

‘झारखंड भीख में नहीं मिला, इसके पीछे संघर्ष और बलिदान का इतिहास’

अपने संबोधन में कल्पना सोरेन ने झारखंड आंदोलन के इतिहास का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि झारखंड संघर्ष की धरती है और झारखंड मुक्ति मोर्चा का गठन जल, जंगल और जमीन की रक्षा के उद्देश्य से हुआ था। झारखंड किसी को भीख में नहीं मिला है, बल्कि इसके गठन के पीछे लंबे संघर्ष और बलिदान का इतिहास है।

उन्होंने आरोप लगाया कि एमएमडीआर संशोधन अधिनियम के जरिए केंद्र सरकार न केवल खनिज अधिकारों, बल्कि राज्यों के कर और उपकर लगाने के अधिकारों को भी सीमित कर रही है। इससे सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के बाद राज्यों को मिली शक्तियां प्रभावित हो सकती हैं। उनका कहना था कि खनिज संपदा से जुड़े फैसलों में राज्यों के संवैधानिक और वित्तीय अधिकारों का सम्मान किया जाना चाहिए।

राज्यों से पर्याप्त परामर्श नहीं करने का भी लगाया आरोप

कल्पना सोरेन ने कानून बनाने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि एमएमडीआर संशोधन अधिनियम तैयार करने से पहले राज्यों से पर्याप्त परामर्श नहीं किया गया। साथ ही यह आकलन भी नहीं किया गया कि इस कानून का खनिज उत्पादक राज्यों की वित्तीय स्थिति पर कितना असर पड़ सकता है।

उन्होंने कहा कि झारखंड जैसे खनिज संपदा से समृद्ध राज्य के लिए खनिज राजस्व विकास का एक महत्वपूर्ण आधार है। यदि इस राजस्व पर राज्य के अधिकार सीमित होते हैं, तो इसका सीधा असर जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों पर पड़ सकता है।

कल्पना सोरेन के इस बयान के बाद विधानसभा में खनिज संपदा, राज्यों के वित्तीय अधिकार और केंद्र-राज्य संबंधों का मुद्दा एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गया है। एमएमडीआर संशोधन अधिनियम को लेकर राज्य सरकार और केंद्र के बीच अधिकारों की बहस अब राजनीतिक रूप से भी तेज होती दिखाई दे रही है।

Anita Nishad

Anita Nishad is a dedicated and insightful journalist currently serving as a key voice at HPBL News. With a deep-rooted passion for storytelling and truth-seeking, Anita has become a trusted name in digital and broadcast journalism, particularly known for her ability to bring grassroots issues to the forefront.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close