27000 शिक्षक भर्ती : BPSC TRE-4 की भर्ती को लेकर आयी बड़ी अपडेट, जानिये कब तक जारी होगा नोटिफिकेशन, पद और परीक्षा को लेकर पूरी जानकारी
27000 Teacher Recruitment: Big update on BPSC TRE-4 recruitment; know when the notification will be released, complete details about the post and exam

BPSC TRE-4 Notification : शिक्षक नियुक्ति परीक्षा TRE-4 का नोटिफिकेशन 26 जनवरी तक जारी हो सकता है। कई जिलों द्वारा रिक्तियों का विवरण समय पर न भेजे जाने के कारण भर्ती प्रक्रिया में देरी तय मानी जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक इस चरण में 27 हजार से अधिक पदों पर नियुक्ति की तैयारी है।
BPSC TRE-4 (Teacher Recruitment Exam) को लेकर सरकार ने बड़ा संकेत दिया है। राज्य के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने स्पष्ट किया है कि TRE-4 का आधिकारिक नोटिफिकेशन 26 जनवरी 2025 तक जारी कर दिया जाएगा। शिक्षा मंत्री के मुताबिक चौथे चरण की भर्ती में प्राथमिक, मध्य और प्लस टू स्तर पर कुल 27,000 से अधिक पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। सभी जिलों से रिक्तियों का अद्यतन डाटा मांगा गया है और रोस्टर तैयार होते ही बहाली की औपचारिक प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
रिक्ति नहीं भेजने वाले जिलों की वजह से हो रही देरी
भर्ती प्रक्रिया में सबसे बड़ी बाधा यह है कि राज्य के 38 में से केवल 15 जिलों से ही कक्षा 1 से 12 तक की रिक्तियां विभाग को प्राप्त हुई हैं।जिन जिलों ने अब तक रिपोर्ट भेजी है, उनमें रोहतास, भोजपुर, औरंगाबाद, पश्चिम चंपारण, शिवहर, पटना, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, बांका, गया आदि शामिल हैं।इसके उलट, अधिकांश जिलों द्वारा डेटा न भेजे जाने के कारण BPSC को रिक्ति सूची उपलब्ध नहीं कराई जा सकी है। यही वजह है कि TRE-4 की परीक्षा तिथि भी तय नहीं हो पा रही है।
पिछले दिनों शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेन्द्र ने रिक्ति नहीं भेजने वाले जिलों के अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी थी, लेकिन उसके बावजूद प्रगति धीमी है। विभाग का अनुमान है कि कक्षा 1 से 12 तक कुल एक लाख तक पद रिक्त हो सकते हैं, हालांकि पहले चरण में केवल 27 हजार पदों को शामिल किया जाएगा।
डोमिसाइल आधारित आरक्षण: बिहार के युवाओं को बड़ा लाभ
TRE-4 में पहली बार यह व्यवस्था लागू की जाएगी कि
• 85% सीटें केवल बिहार के मूल निवासियों के लिए आरक्षित रहेंगी।
• केवल 15% सीटें अन्य राज्यों के अभ्यर्थियों और उन बिहारियों के लिए होंगी जिन्होंने मैट्रिक या इंटर बिहार से नहीं किया है।
यह बदलाव विशेष रूप से बिहार के युवा उम्मीदवारों के लिए अत्यंत लाभकारी माना जा रहा है।
साथ ही—
• कक्षा 5 तक की शिक्षक भर्ती में 50% आरक्षण,
• तथा अन्य श्रेणियों में 35% आरक्षण
सिर्फ बिहार की महिला अभ्यर्थियों को मिलेगा।
पिछली तीन चरणों की भर्तियों में उत्तर प्रदेश और झारखंड सहित अन्य राज्यों की महिलाओं का चयन बड़ी संख्या में हुआ था। इस नई नीति से बिहार की महिलाओं को अतिरिक्त लाभ मिलेगा।
पिछली भर्तियों की स्थिति
पिछले दो वर्षों में BPSC की अनुशंसा पर तीन चरणों में कुल 2,68,548 शिक्षकों की नियुक्ति हो चुकी है—
• पहले चरण में 1,02,871
• दूसरे चरण में 69,500
• तीसरे चरण में शेष नियुक्तियां की गईं।
सरकार का लक्ष्य है कि TRE-4 और इसके बाद होने वाली TRE-5 के माध्यम से शेष कमी को पूरी तरह दूर किया जाए।









