झारखंड- शिक्षा विभाग का घूसखोर क्लर्क : 6000 रुपये लेते घूसखोर क्लर्क को ACB ने रंगे हाथों पकड़ा, वेतन भुगतान के एवज में ले रहा था रिश्वत, पूछताछ जारी
Jharkhand – Bribery Clerk of Education Department: ACB caught a bribe-taking clerk red-handed while accepting Rs 6,000 in lieu of salary payment; interrogation continues.

Jharkhand ACB Trap News : शिक्षा विभाग में रिश्वतखोरी पर ACB ने शिकंजा कसा है। घूस लेने के मामले में शिक्षा विभाग के एक कर्मचारी को ACB ने रंगें हाथों गिरफ्तार किया है। वेतन भुगतान को लेकर कर्मचारी लगातार रिश्वत मांग रहा था। पूरी कार्रवाई भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) दुमका की टीम ने जामताड़ा में की है।
जानकारी के मुताबिक शिक्षा विभाग के एक क्लर्क को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार किया क्लर्क समग्र शिक्षा अभियान कार्यालय में कार्यरत था, जो मानदेय भुगतान के बदले रिश्वत ले रहा था।
बताया जा रहा है कि शिकायतकर्ता रास बिहारी झा झारखंड शिक्षा परियोजना कार्यालय नाला में सीआरपी के पद पर कार्यरत हैं। उनका बढ़ा हुआ मानदेय काफी वक्त से लंबित था, मानदेय भुगतान के एवज में क्लर्क लगातार रिश्वत की मांग कर रहा था। कई बार के अनुरोध के बाद भी जब मानदेय का भुगतान नहीं किया गया, तो उसने एसीबी से पूरे मामले की शिकायत की।
अपने शिकायत में सीआरपी ने लिखा कि बढ़े हुए मानदेय के भुगतान की फाइल कार्यालय में लंबित थी। इसी सिलसिले में जब उन्होंने क्लर्क सौरभ कुमार से संपर्क किया, तो उसने काम कराने के बदले आठ हजार रुपये की मांग की। एसीबी ने अपने स्तर पर जांच की, तो पूरा मामला सही पाया गया। एसीबी ने घूसखोर क्लर्क को रंगे हाथों गिरफ्तार करने की रणनीति बनायी।
रिश्वत की पहली किश्त के रूप में सीआरपी 6000 रुपये दे रहा था, जिसे लेते हुए आरोपी क्लर्क को गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया कि आरोपी क्लर्क ने पहले छह हजार रुपये और काम पूरा होने के बाद दो हजार रुपये लेने की बात कही थी। लेकिन पहली किश्त लेते हुए ही क्लर्क धरा गया। एसीबी की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है। मामले में कुछ और बड़े खुलासे हो सकते हैं।









