क्लास रूम में चली गोली: वेलेंटाइन वीक में सनकी आशिक ने क्लास रूम में छात्रा को मारी गोली, फिर छात्र ने खुद को भी गोली से उड़ाया
Gunshot in classroom: During Valentine's Week, a crazy lover shot a girl student in the classroom, then the student shot himself.

कॉलेज में वैलेंटाइन वीक के दौरान दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक युवक ने कॉलेज परिसर में छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दी और इसके बाद खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जांच में मामला एकतरफा प्रेम से जुड़ा बताया जा रहा है।
________________________________________
Crime News : कॉलेज में सोमवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक छात्र ने कॉलेज में चल रही क्लास के बीच एक छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे कॉलेज परिसर में हंगामा मच गया।
घटना पंजाब के तरनतारन जिले के गांव उसमा स्थित एक लॉ कालेज की है। वारदात के तुरंत बाद युवक ने उसी हथियार से खुद को भी गोली मार ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और कॉलेज परिसर में भय का माहौल बन गया।
मृत छात्रा की पहचान संदीप कौर, निवासी गांव नौशहरा पनुआ के रूप में हुई है, जबकि आत्महत्या करने वाले युवक की पहचान प्रिंसराज सिंह, निवासी गांव मलिया के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि दोनों छात्र-छात्रा उसी कॉलेज में लॉ (कानून) की पढ़ाई कर रहे थे। सोमवार सुबह कॉलेज में कक्षाएं शुरू ही हुई थीं। संदीप कौर अपनी कक्षा में पहुंच चुकी थी।
इसी दौरान प्रिंसराज सिंह वहां पहुंचा और अचानक उस पर गोली चला दी। गोली लगते ही संदीप कौर की मौके पर ही मौत हो गई। इस खौफनाक वारदात के तुरंत बाद युवक ने उसी पिस्टल से खुद को भी गोली मार ली, जिससे उसकी भी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की खबर जैसे ही कॉलेज परिसर में फैली, छात्रों और स्टाफ में हड़कंप मच गया। कॉलेज प्रशासन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और पूरे परिसर को घेर लिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सुरक्षा के मद्देनजर कॉलेज परिसर को खाली करवा दिया गया और वहां पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
मौके पर फोरेंसिक टीम भी पहुंची, जिसने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने हत्या और आत्महत्या में इस्तेमाल की गई पिस्टल को रिकवर कर लिया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हथियार युवक को कहां से मिला और वह कॉलेज तक हथियार लेकर कैसे पहुंचा।
इस मामले को लेकर एसएसपी तरनतारन सुरेंद्र लांबा ने बताया कि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में यह मामला एकतरफा प्रेम से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलू से मामले की गहराई से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि युवक और युवती के बीच क्या संबंध थे, पहले कोई विवाद या धमकी जैसी बात सामने आई थी या नहीं, इन सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है।
घटना ने न सिर्फ कॉलेज प्रशासन बल्कि पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। वैलेंटाइन वीक के बीच हुई इस वारदात ने युवा वर्ग में बढ़ते मानसिक तनाव, अस्वीकृति को स्वीकार न कर पाने की प्रवृत्ति और शैक्षणिक परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।









