झारखंड: CO पर जानलेवा हमला, सरकारी गाड़ी को तोड़ा, छापेमारी करने पहुंचे सीओ पर माफियाओं ने घेरा, मारपीट के बाद गाड़ी को किया चकनाचूर

Jharkhand: CO attacked, government vehicle vandalized, mafia surrounds CO who arrived to conduct raid, smashes vehicle after assault

झारखंड में एक बार फर बालू माफियाओं का आतंक दिख रहा है। अवैध बालू कारोबार पर कार्रवाई करने पहुंचे अंचल अधिकारी पर बालू माफियाओं ने हमला कर दिया। इस दौरान सरकारी वाहन को क्षतिग्रस्त किया गया और बालू से लदे ट्रैक्टर को जबरन छुड़ाकर आरोपी फरार हो गए। अंचल अधिकारी की शिकायत पर तीन नामजद और दस अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

लोहरदगा। बालू माफियाओं के हौसले झारखंड में काफी बुलंद दिख रहे हैं। आलम ये है कि ना तो प्रशासनिक अधिकारी और ना ही पुलिस टीम का इन्हें कोई खौफ लग गया है। मामला लोहरदगा जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र का है, जहां अवैध बालू कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करना अंचल अधिकारी को भारी पड़ गया।

बालू माफियाओं ने अंचल अधिकारी पंकज कुमार भगत पर हमला कर दिया और उनकी सरकारी गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

अंचल अधिकारी की ओर से सेन्हा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है, जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।प्राथमिकी के अनुसार, यह घटना सेन्हा थाना क्षेत्र के मुरकी–सेन्हा पथ पर नूरी सराय पुल के पास हुई। अंचल अधिकारी पंकज कुमार भगत को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त स्थान के पास अवैध डंपिंग यार्ड से लगातार बालू का अवैध उठाव किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के उद्देश्य से सीओ मौके पर पहुंचे थे।

सीओ ने एक ट्रैक्टर को अवैध रूप से बालू ले जाते हुए पकड़ा। इसी दौरान सेन्हा नूरी सराय निवासी जैनुल अंसारी के पुत्र दानिश अंसारी, उसकी पत्नी नुसरत जहां, छोटे पुत्र राशिद अंसारी सहित करीब दस अज्ञात महिला और पुरुष वहां पहुंच गए। आरोप है कि इन लोगों ने सरकारी कार्रवाई का विरोध करते हुए अंचल अधिकारी पर लाठी-डंडा और बेलचा से हमला कर दिया।

सीओ पंकज कुमार भगत ने अपने आवेदन में बताया है कि हमलावरों ने उनके साथ न केवल मारपीट की, बल्कि ईंट से उनकी सरकारी गाड़ी के शीशे पर हमला कर दिया, जिससे वाहन का शीशा पूरी तरह टूट गया। इसके बाद भी हमलावरों ने उन्हें रोकने और दोबारा मारपीट करने की कोशिश की।

इतना ही नहीं, आरोपियों ने उन्हें झूठे केस में फंसाने की धमकी भी दी।हमले के दौरान अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसी बीच आरोपियों ने अंचल अधिकारी द्वारा पकड़े गए ट्रैक्टर से बालू को अनलोड किया और ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर सेन्हा थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी आरोपी भाग चुके थे।अंचल अधिकारी के आवेदन के आधार पर सेन्हा थाना प्रभारी नीरज झा ने कांड संख्या 26/26 दर्ज करते हुए सरकारी कार्य में बाधा डालने, धमकी देने और हमला करने सहित विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।

पुलिस इंस्पेक्टर सुधीर साहू ने बताया कि अंचल अधिकारी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है।

Related Articles