धनबाद: “डाक्टर जी ले, जितना जीना है” मशहूर डाक्टर को जान से मारने की मिली धमकी, ICU के बाहर दीवार पर चिपका गये धमकी भरा लेटर

Dhanbad: "Doctor, live as long as you can." A famous doctor receives death threats; a threatening letter is pasted on the wall outside the ICU.

धनबाद। झारखंड में एक फिर फिर डाक्टर बदमाशों के निशाने पर हैं। इस बार बारी धनबाद के एक चिकित्सक की आयी है। धनबाद के किडनी रोग विशेषज्ञ और किडनी केयर क्लिनिक के संचालक डॉ. मिहिर कुमार को जान से मारने की गंभीर धमकी मिली है। उनकी क्लिनिक की आईसीयू के बाहर एक धमकी भरा पत्र चिपका हुआ मिला है।

आईसीयू के बाहर मिला धमकी भरा पत्र, स्टाफ में मची अफरा-तफरी
पुलिस को दी गयी जानकारी के मुताबिक क्लिनिक के स्टाफ असलम ने सबसे पहले आईसीयू के बाहर चिपका हुआ यह पत्र देखा. उन्होंने तुरंत इसकी तस्वीर लेकर डॉ. मिहिर कुमार को व्हाट्सएप पर भेजी. सूचना मिलते ही डॉ. मिहिर स्वयं क्लिनिक पहुंचे। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गयी।

 

पत्र में गोली मारने और हत्या की दी गई धमकी
पत्र में हिंदी में लिखा था कि डॉक्टर, तुम्हारी किस्मत अच्छी है. उस दिन ग्रुप में होने की वजह से बच गए, नहीं तो गोली मार देता। जिस तरह नीरज की हत्या हुई है, उसी तरह मारूंगा। इसे हल्के में मत लेना, जितना जीना है, जी लो, 4 तारीख को मार दूंगा। पत्र के नीचे अंग्रेजी में “KILL” शब्द भी लिखा हुआ था। इसके अलावा पुलिस अधिकारियों- एसपी या डीएसपी के पास जाने पर जान से मारने की चेतावनी भी दी गई थी।

डॉ. मिहिर बोले- पत्र की भाषा बेहद क्रूर और योजनाबद्ध
डॉ. मिहिर ने धनबाद थाना में लिखित आवेदन देकर मामले की शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने धमकी भरे पत्र को जब्त कर लिया है और प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डॉ. मिहिर कुमार ने बताया कि पत्र की भाषा बेहद डरावनी, क्रूर और योजनाबद्ध प्रतीत होती है। उन्हें आशंका है कि यह किसी आपराधिक मानसिकता वाले व्यक्ति द्वारा लिखा गया है।

17 वर्षों से किडनी रोगियों का कर रहे हैं इलाज
डॉ. मिहिर कुमार DM (नेफ्रोलॉजी) की डिग्री धारक हैं और पिछले 17 वर्षों से अधिक समय से धनबाद में किडनी रोगियों को कम खर्च में बेहतर इलाज उपलब्ध करा रहे हैं. वे धैया चनचनी कॉलोनी स्थित हवेली अपार्टमेंट के निवासी हैं. उनका किडनी केयर क्लिनिक नावाडीह स्थित महाकेश्वर कॉम्प्लेक्स में, बिरसा मुंडा पार्क के समीप संचालित होता है।

Related Articles