धनबाद: जहर वाला साधु गैंग : ट्रेन यात्रियों को प्रसाद खिलाने के नाम पर लूट लेता था साधु गैंग, महिला यात्री की मौत के बाद 7 शातिर आरोपी गिरफ्तार
Dhanbad: The Sadhu Gang, which robbed train passengers under the guise of offering them prasad, arrested seven vicious accused after the death of a female passenger.

ट्रेन यात्रा करने वालों को सावधान करने वाली एक खबर है। ट्रेन में ‘प्रसाद’ के नाम पर जहर देकर लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया गया है। इस घटना में एक महिला की मौत के बाद सात शातिर अपराधी गिरफ्तार किया गया है।
________________________________________
धनबाद। धनबाद रेल मंडल में एक सनसनीखेज वारदात ने रेल यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिये है। दरअसल गाड़ी संख्या 20975 चंबल एक्सप्रेस में ‘प्रसाद’ के नाम पर नशीला पदार्थ खिलाकर लूटपाट करने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया गया है। इस मामले में एक महिला की जान चली गई, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना 11 मार्च 2026 की है, जब धनबाद से बांदा जा रही 30 वर्षीय महिला शिवानी अपने पति के साथ जनरल कोच में सफर कर रही थीं। यात्रा के दौरान साधु के वेश में एक व्यक्ति उनके पास पहुंचा और ‘प्रसाद’ के रूप में लड्डू दिया। श्रद्धा और भरोसे में आकर महिला ने लड्डू खा लिया, लेकिन कुछ ही देर में उनकी हालत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गईं।
महिला के बेहोश होते ही आरोपी उसका पर्स, नगदी और चांदी के गहने लेकर फरार हो गया। पीड़िता के पति ने किसी तरह उन्हें बांदा में उतारकर अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन चार दिन तक चले इलाज के बाद महिला की मौत हो गई। इस घटना ने पूरे मामले को गंभीर बना दिया, जिसके बाद जीआरपी ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। घटना गोमो और कोडरमा के बीच की होने के कारण जांच को कोडरमा स्थानांतरित कर दी गई।
मामले की जांच के लिए पुलिस ने हाईटेक तकनीक का सहारा लिया। धनबाद स्टेशन सहित कई स्टेशनों के CCTV फुटेज खंगाले गए। जांच में सामने आया कि यह कोई अकेला अपराधी नहीं बल्कि सात लोगों का संगठित गिरोह है। आसनसोल और वर्धमान के फुटेज में पांच आरोपी साधु के वेश में एक साथ ट्रेन में चढ़ते नजर आए, जबकि अन्य दो अलग-अलग स्टेशनों से सवार हुए थे।
पुलिस की विशेष टीम ने लखनऊ, सुल्तानपुर और मुसाफिरखाना तक जांच का दायरा बढ़ाया। आखिरकार अमेठी जिले के निहालगढ़ क्षेत्र से अहम सुराग मिला। मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपियों को ट्रैक कर 31 मार्च 2026 को कोडरमा में गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी ‘मांगता’ समुदाय से जुड़े हैं और साधु या फकीर का भेष बदलकर यात्रियों को झांसा देते थे। ‘प्रसाद’ के नाम पर नशीली दवा खिलाकर उन्हें बेहोश कर लूटपाट करना इनका तरीका था। पुलिस ने इनके पास से अल्प्राजोलम जैसी नशीली दवा, ताबीज, रुद्राक्ष माला, मोबाइल फोन और नकद राशि बरामद की है।








