धनबाद: थम नहीं रही है बच्चा चोरी की अफवाह, अब तीन महिलाओं की भीड़ ने कर दी पिटाई, 24 घंटे के भीतर दो घटनाएं
Dhanbad: Child-lifting rumours continue unabated, with three women being beaten by a mob, two incidents within 24 hours.

धनबाद। धनबाद जिले में बच्चा चोरी की अफवाह का दौर जारी है। राजगंज के बाद अब ईस्ट बसुरिया ओपी क्षेत्र में बच्चा चोरी की अफवाह ने माहौल तनावपूर्ण बना दिया है। संदेह के आधार पर भीड़ ने तीन महिलाओं को घेरकर मारपीट की। मौके पर पहुंची पुलिस को भी विरोध झेलना पड़ा। पुलिस ने महिलाओं को सुरक्षित निकालकर जांच शुरू कर दी है।
धनबाद जिले में बच्चा चोरी की अफवाह ने एक बार फिर कानून व्यवस्था के सामने गंभीर चुनौती खड़ी कर दी। मंगलवार को ईस्ट बसुरिया ओपी क्षेत्र अंतर्गत निछानी पुल के समीप अचानक फैली अफवाह ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया। इलाके में बच्चा चोरी की चर्चा होते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और संदेह के आधार पर तीन महिलाओं को घेर लिया।
अफवाह इतनी तेजी से फैली कि लोगों ने बिना किसी ठोस प्रमाण के महिलाओं को बच्चा चोर समझ लिया। कुछ ही देर में स्थिति तनावपूर्ण हो गई और भीड़ ने महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। माहौल बिगड़ते ही मारपीट की नौबत आ गई। भीड़ ने महिलाओं पर लात-घूंसे बरसाए, जिससे घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची, लेकिन उत्तेजित भीड़ ने पुलिस का भी विरोध किया। हालात इतने बिगड़ गए कि पुलिस वाहन पर चप्पल और जूते फेंके गए। स्थिति को नियंत्रित करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। अधिकारियों और जवानों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, जिसके बाद किसी तरह भीड़ को शांत कराया गया।
काफी प्रयासों के बाद पुलिस ने तीनों महिलाओं को भीड़ के बीच से सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें थाने ले गई। प्राथमिक स्तर पर महिलाओं की पहचान और घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि महिलाओं के खिलाफ अब तक किसी भी आपराधिक गतिविधि का ठोस प्रमाण सामने नहीं आया है।
बाघमारा के एसडीपीओ पुरुषोत्तम सिंह ने बताया कि बच्चा चोरी की सूचना की सत्यता की गंभीरता से जांच की जा रही है। अब तक इस संबंध में किसी प्रकार की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें और कानून को अपने हाथ में लेने से बचें।









