झारखंड: होटल में चल रहा है गंदा काम, ग्रामीणों के हंगामे के बाद कई युवक-युवतियां पुलिस हिरासत में, जानें क्या है मामला…
Jharkhand: Dirty activities are going on in the hotel, after the villagers created ruckus, many young men and women are in police custody, know what is the matter...

धनबाद में कथित तौर पर देहव्यापार का एक गंभीर आरोप लगा है। होटल में पुलिस की छापेमारी के दौरान युवक-युवतियों को हिरासत में लिया गया हैं। धनबाद जिले के कतरास थाना क्षेत्र में ये कार्रवाई हुई है। इससे पहले होटल में चल रहे जिस्मफरोशी का आरोप लगाकर ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन किया। कई घंटों तक सड़क जाम रही। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर होटल संचालक सहित कई युवक-युवतियों को हिरासत में लिया और जांच शुरू की।
धनबाद। होटल में जिस्मफरोशी का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस ने होटल में कई युवक-युवतियों को हिरासत में लिया है। झारखंड के धनबाद जिले के कतरास थाना क्षेत्र स्थित मान सिंह करवा मुरना इलाके में एक होटल में ये कार्रवाई हुई है। ग्रामीणों ने होटल के बाहर भारी भीड़ जुटाकर जमकर हंगामा किया और विरोध स्वरूप कतरास-बाघमारा मेन रोड को कई घंटों तक जाम कर दिया। इस दौरान सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले लगभग छह महीनों से उक्त होटल में अनैतिक और संदिग्ध गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। आरोप था कि होटल की आड़ में कथित रूप से देह व्यापार चल रहा था, जिससे इलाके का सामाजिक वातावरण प्रभावित हो रहा था। स्थानीय लोगों के मुताबिक, होटल में रोजाना बाहरी युवक-युवतियों का आना-जाना लगा रहता था, जिससे गांव के युवाओं और स्कूली/कॉलेज छात्रों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा था।
ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में पहले भी पुलिस और प्रशासन को लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से लोगों में असंतोष बढ़ता गया। आखिरकार शुक्रवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हुए और होटल के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए और कड़ी कार्रवाई की मांग की।
सड़क जाम और हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने होटल परिसर की जांच की। जांच के दौरान होटल से कई युवक-युवतियों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के लिए सभी को बाघमारा महिला थाना भेजा गया है।
पुलिस ने होटल संचालक को भी हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है।पुलिस द्वारा होटल परिसर से तीन मोटरसाइकिल, कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज, एक लैपटॉप और एक जेरॉक्स मशीन जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई है।
जब्ती के बाद पुलिस ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, जिसके बाद काफी मशक्कत के बाद सड़क जाम हटाया जा सका और यातायात सामान्य हुआ। पुलिस के मुताबिक होटल में संदिग्ध गतिविधियों की शिकायत मिली थी, जिसके आधार पर जांच की गई।
उन्होंने कहा कि होटल के रजिस्टर की जांच में प्रारंभिक तौर पर सब कुछ ठीक पाया गया, हालांकि ग्रामीणों के आरोप गंभीर हैं। हिरासत में लिए गए युवक-युवतियों की उम्र और पहचान की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








