स्कूल में घुसकर हत्या : शिक्षकों व बच्चों के सामने महिला कर्मचारी पर ताबड़तोड़ हमला, हैवान बोलता रहा- मैं इसके टुकड़े-टुकड़े कर दूंगा
Murder in school: A female employee was brutally attacked in front of teachers and children, the monster kept saying, "I will tear her to pieces."

एक प्राथमिक स्कूल में हुई सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। स्कूल परिसर में बच्चों और शिक्षकों के सामने एक व्यक्ति ने महिला कर्मचारी की हत्या कर दी। घटना के बाद स्कूल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच जारी है।
School News : स्कूल में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक गड़ासा लेकर शख्स ने महिला कर्मचारी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना में महिला कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गयी। वहीं पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है, हालांकि वजह का अब तक पता नहीं चल पाया है। घटना को लेकर शिक्षक से लेकर अभिभावक तक काफी चिंतित हैं।
पूरी घटना हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला स्थित देहरा क्षेत्र की ग्राम पंचायत चनौर के प्राथमिक स्कूल की है। देहरा क्षेत्र की ग्राम पंचायत चनौर के प्राथमिक स्कूल में दोपहर के समय एक अज्ञात युवक ने स्कूल में घुसकर मिड-डे मील वर्कर सलोचना देवी पर दराट से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के दौरान मौजूद शिक्षकों ने बच्चों को सुरक्षित कमरों में भेजकर बड़ा हादसा टाल दिया।
दोपहर के समय हुई वारदात
घटना दोपहर लगभग 12 बजकर 20 मिनट की है। स्कूल में आम दिनों की तरह पढ़ाई चल रही थी और लंच टाइम शुरू हुआ ही था। इसी दौरान मिड-डे मील वर्कर सलोचना देवी (58 वर्ष), पत्नी विशंभर दास, बच्चों के लिए भोजन तैयार कर रही थीं। तभी अचानक एक युवक स्कूल परिसर में घुस आया और उन पर दराट से हमला कर दिया।
हमला इतना अचानक और भयावह था कि कुछ पल के लिए शिक्षक और छात्र स्तब्ध रह गए। स्कूल स्टाफ ने तुरंत स्थिति को संभालते हुए बच्चों को सुरक्षित कमरों के अंदर भेजा और दरवाजे बंद कर दिए।
शिक्षकों ने किया बीच-बचाव का प्रयास
स्कूल की महिला टीचर सरिता ने बताया कि वह उस समय अपनी कक्षा में पढ़ा रही थीं। लंच टाइम के दौरान उन्होंने चीख-पुकार की आवाज सुनी और मौके पर पहुंचीं। उन्होंने आरोपित को रोकने की कोशिश की और महिला को छोड़ देने की गुहार लगाई।
सरिता के अनुसार, आरोपित बेहद आक्रोश में था। बीच-बचाव के दौरान उसने धमकी भरे शब्दों में कहा कि वह महिला के “टुकड़े-टुकड़े कर देगा।” शिक्षकों ने लगातार उसे शांत करने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना।स्कूल की मुख्य अध्यापिका सरिता देवी ने भी घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि स्टाफ ने हरसंभव कोशिश की, परंतु आरोपित ने किसी की बात नहीं सुनी।
हड़ताल के बावजूद ड्यूटी पर थीं सलोचना देवी
बताया जा रहा है कि वीरवार को मिड-डे मील कर्मियों ने हड़ताल का आह्वान किया था। इसके बावजूद सलोचना देवी बच्चों को भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्कूल पहुंची थीं। दुर्भाग्यवश, इसी दौरान यह दर्दनाक घटना घटित हो गई।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपित को हिरासत में ले लिया।
प्रारंभिक जांच में आरोपित की पहचान और घटना के पीछे के कारणों की पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने स्कूल स्टाफ और अन्य प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए हैं।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही किया जाएगा।इस घटना के बाद स्कूल स्टाफ, छात्र और स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश और शोक का माहौल है।









