सरकारी नौकरी की खबर : 24492 पदों पर होगी भर्तियां, BSSC भर्ती को लेकर आया नया अपडेट, 1317 पदों की हुई बढ़ोत्तरी
Government job news: 24,492 vacancies to be filled; new update on BSSC recruitment; 1,317 posts increased

Job Vacancy News। सरकारी भर्ती परीक्षा की तैयारी मे जुटे अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर है। बिहार कर्मचारी चयन आयोग (BSSC) ने द्वितीय इंटरस्तरीय परीक्षा 2023 में रिक्त पदों की संख्या फिर बढ़ा दी है। आयोग ने 1,317 अतिरिक्त पद जोड़ते हुए कुल रिक्तियों की संख्या 24,492 कर दी है। इससे पहले ही आयोग सीटों की संख्या 13 हजार से बढ़ाकर 23,175 कर चुका था, यानी अब तक कुल मिलाकर पदों की संख्या लगभग दोगुनी हो चुकी है।
आपको बता दें कि BSSC ने करीब नौ साल के अंतराल के बाद वर्ष 2023 में द्वितीय इंटरस्तरीय भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की थी। पहली इंटरस्तरीय परीक्षा का विज्ञापन 2014 में निकाला गया था, जिसका अंतिम परिणाम आने में लगभग सात साल लग गए थे। दूसरी इंटरस्तरीय भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया नवंबर 2023 तक चली थी, जिसमें रिकॉर्ड संख्या में अभ्यर्थियों ने आवेदन किया।
अब तक द्वितीय इंटरस्तरीय परीक्षा की तिथि घोषित नहीं की गई है, लेकिन आयोग ने आवेदन से जुड़ी अहम जानकारी जारी कर दी है। BSSC के अनुसार, अभ्यर्थी 13 जनवरी तक परीक्षा शुल्क जमा कर सकते हैं, जबकि आवेदन पत्र भरने की अंतिम तिथि 15 जनवरी निर्धारित की गई है।
इस भर्ती के लिए 26 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए थे। अब पदों की संख्या बढ़ने और दोबारा अवसर मिलने के बाद यह संख्या 40 लाख से अधिक पहुंचने का अनुमान है। इतने बड़े पैमाने पर आवेदकों को देखते हुए संभावना है कि परीक्षा कई पालियों में आयोजित की जाएगी।यदि परीक्षा बहु-पाली में होती है, तो परिणाम नॉर्मलाइजेशन पद्धति के आधार पर जारी किए जा सकते हैं।
आयोग के नियमों के अनुसार, प्रारंभिक परीक्षा में कुल रिक्तियों के पांच गुना अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया जाएगा, जिन्हें मुख्य परीक्षा में बैठने का अवसर मिलेगा।इंटरस्तरीय प्रारंभिक परीक्षा के लिए न्यूनतम उत्तीर्ण अंक भी तय किए गए हैं। सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को कम से कम 40 प्रतिशत, बीसी वर्ग को 36.5 प्रतिशत, एमबीसी को 34 प्रतिशत, जबकि एससी और एसटी वर्ग के अभ्यर्थियों को 32 प्रतिशत अंक लाने होंगे।









