गुमला: पत्नी से लड़ाई कर घर से निकल गया पति, जंगल में मिली फिर पति की लाश, आत्महत्या या फिर हत्या, पुलिस जांच में जुटी

Gumla: Husband leaves home after fighting with wife, body found in forest, police investigating suicide or murder

गुमला। बीबी से लड़ाईकर घर से निकले युवक की लाश मिली है। अब ये आत्महत्या है या फिर हत्या? पुलिस जांच में जुटी है। पूरा मामला गुमला जिले के गुरदरी थाना क्षेत्र अंतर्गत छोटांगपाठ जंगल की है।

जंगल में एक युवक का शव जामुन के पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान छोटांगपाठ निवासी 30 वर्षीय फूलदेव असुर के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में शोक और परिवार में मातम का माहौल है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने बताया कि फूलदेव असुर पिछले तीन दिनों से लापता था।

बताया जा रहा है कि गुरुवार को उसका अपनी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के बाद वह घर से निकल गया और फिर वापस नहीं लौटा। परिवार ने पहले इसे सामान्य नाराजगी मानते हुए आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू की।

परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।फूलदेव की गुमशुदगी से चिंतित परिवार के साथ गांव के लोग भी खोजबीन में जुटे थे। इसी बीच शनिवार दोपहर जंगल में मवेशी चराने गए कुछ ग्रामीणों की नजर जामुन के पेड़ से गमछे के सहारे लटके एक शव पर पड़ी।

पास जाकर पहचान करने पर शव फूलदेव असुर का निकला। यह दृश्य देखते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल परिजनों और गुरदरी थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। इधर, सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सहायक अवर निरीक्षक राजेश कुमार तिवारी के नेतृत्व में घटनास्थल का मुआयना किया गया।

पुलिस ने शव को पेड़ से उतारकर कब्जे में लिया और मौके पर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।

हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है, ताकि किसी भी संभावना को नजरअंदाज न किया जाए। अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।पुलिस के मुताबिक, फूलदेव असुर की शादी लगभग तीन वर्ष पहले हुई थी और उसका डेढ़ साल का एक बेटा भी है।

Related Articles