झारखंड में स्वास्थ्य विभाग का अलर्ट, सभी अस्पतालों में स्पेशल स्क्रीनिंग के निर्देश, अस्पतालों को सतर्क रहने को कहा…
Jharkhand health department issues alert, directs all hospitals to conduct special screenings, asks hospitals to be vigilant...

Jharkhand Health Update। स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी किया है। एडवाइजरी में अस्पतालों को सतर्क रहने को कहा है। दरअसल पिछले दिनों निपाह वायरस से पश्चिम बंगाल में मौत की पुष्टि हुई है। इस सूचना के बाद पूर्वी सिंहभूम जिले में भी स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है।
स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जारी एडवाइजारी में कहा गया है कि निपाह वायरस एक गंभीर जूनोटिक बीमारी है, जो मुख्य रूप से फल खाने वाले चमगादड़ (फ्रूट बैट) के जरिए फैलती है। संक्रमित व्यक्ति के संपर्क या संक्रमित फलों के सेवन से भी संक्रमण का खतरा रहता है।
जिला स्वास्थ्य विभाग की तरफ से सभी सरकारी व निजी अस्पतालों, एमजीएम मेडिकल कॉलेज, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और निजी क्लीनिकों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है।
हालांकि, जिले में अब तक निपाह का कोई मामला सामने नहीं आया है, लेकिन एहतियात के तौर पर निगरानी और तैयारी बढ़ा दी गई है। अस्पतालों को निर्देश दिया गया है कि बुखार, तेज सिरदर्द, सांस लेने में तकलीफ, उल्टी, मानसिक भ्रम, दौरे या अचानक तबीयत बिगड़ने जैसे लक्षण वाले मरीजों की विशेष स्क्रीनिंग की जाए। ऐसे मामलों में तुरंत आइसोलेशन और जिला सर्विलांस इकाई को सूचना देना अनिवार्य किया गया है।
सभी स्वास्थ्य केंद्रों को इंफेक्शन प्रिवेंशन एंड कंट्रोल प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन करने को कहा गया है। सिविल सर्जन ने कहा कि पश्चिम बंगाल में निपाह से हुई मौत को देखते हुए जिले में एहतियाती अलर्ट जारी किया गया है।फिलहाल पूर्वी सिंहभूम में संक्रमण का कोई मामला नहीं है। ट्रैवल हिस्ट्री वाले मरीजों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग की तरफ से कहा गया है कि आम लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सतर्क रहना जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि गिरे हुए या आंशिक रूप से खाए गए फलों का सेवन न करें।कच्चा खजूर रस या ताड़ी पीने से बचें और किसी बीमार व्यक्ति के अनावश्यक संपर्क में न आएं। लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी अस्पताल से संपर्क करें।








