झारखंड: पढ़ाई और कमाई दोनों पर हेमंत सरकार का फोकस, शिक्षकों को नियुक्ति पत्र और मेधावी विद्यार्थियों को सम्मान

Jharkhand: Hemant government's focus is on both studies and earning, appointment letters to teachers and honour to meritorious students

रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को झारखंड मंत्रालय में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण सह मेधा सम्मान समारोह में शिक्षा और युवाओं के भविष्य को लेकर कई बड़े ऐलान किए। मुख्यमंत्री ने 975 नवनियुक्त शिक्षकों और सहायकों को नियुक्ति पत्र सौंपे और बोर्ड परीक्षाओं के टॉपर्स समेत आकांक्षा कोचिंग के सफल विद्यार्थियों को सम्मानित किया।

 

शिक्षा को नई ऊंचाई पर ले जाने का संकल्प

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड को शिक्षा के क्षेत्र में अलग पहचान दिलाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। सरकारी विद्यालयों को निजी विद्यालयों की तरह सशक्त बनाने की दिशा में कई योजनाएं लागू की गई हैं। अब परिणाम भी सकारात्मक रूप से सामने आ रहे हैं।

 

नेतरहाट अब बनेगा को-एजुकेशन, तीन और स्कूल खुलेंगे

हेमंत सोरेन ने घोषणा की कि नेतरहाट आवासीय विद्यालय को अब को-एजुकेशन किया जाएगा, यानी यहां लड़कियों का भी नामांकन होगा। साथ ही, नेतरहाट की तर्ज पर राज्य में तीन और विद्यालय खोले जाएंगे। उन्होंने कहा कि अब यहां पढ़ाई सीबीएसई पैटर्न और अंग्रेजी माध्यम से हो रही है, ताकि सरकारी स्कूल के विद्यार्थी किसी भी मामले में निजी स्कूलों से पीछे न रहें।

 

उत्कृष्ट विद्यालयों में नामांकन की होड़

सीएम ने बताया कि मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों में अब बच्चों का दाखिला लेने की होड़ मची हुई है। कई निजी स्कूलों के विद्यार्थी भी अब इन विद्यालयों को प्राथमिकता दे रहे हैं। यह इस बात का प्रमाण है कि सरकारी विद्यालय अब प्रतिस्पर्धा में किसी से कम नहीं हैं।

विद्यार्थियों के लिए प्रोत्साहन और योजनाएं

• 10वीं और 12वीं बोर्ड के टॉपर्स को 3 लाख रुपये, लैपटॉप, स्मार्टफोन और स्कूटी (जैक बोर्ड टॉपर्स को) दिए गए।

• सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के टॉपर्स को लैपटॉप और प्रमाण पत्र से सम्मानित किया गया।

• आकांक्षा कोचिंग के सफल छात्रों को सम्मानित किया गया।

• 100% रिजल्ट देने वाले विद्यालयों और स्वर्ण श्रेणी में आए स्कूलों को भी सम्मान मिला।

• विदेश में पढ़ाई के लिए 100% स्कॉलरशिप, गुरुजी क्रेडिट कार्ड योजना से 15 लाख तक शिक्षा ऋण बिना गारंटी।

• छात्रवृत्तियों की राशि में बड़ा इजाफा।

• रिजल्ट घोषित होते ही टॉपर्स को सम्मान राशि देने की व्यवस्था, ताकि आगे की पढ़ाई में दिक्कत न हो।

 

 

 

शिक्षकों की नियुक्ति

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 33 स्नातकोत्तर प्रशिक्षित शिक्षकों, 909 सहायक आचार्यों (गणित और विज्ञान) और 33 प्रयोगशाला सहायकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।

 

शिक्षा और विकास पर सामूहिक जिम्मेदारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के विकास के लिए हर नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। शिक्षा को सशक्त कर झारखंड को एक मजबूत और अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में सरकार प्रतिबद्ध है।समारोह में मंत्री राधाकृष्ण किशोर, मंत्री संजय प्रसाद यादव, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, राज्यसभा सांसद महुआ माजी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

ashrita

It is one of the rapidly emerging news websites of the country. HPBL has proved its name (Har Pal Breaking Live) meaningful every time. HPBL, which has become a trusted brand of Bihar-Jharkhand, check every news of HPBL for its reliability before delivering it to you. The reporters and desk staff of hpblnews.com news website work on a 24X7 mission mode for you, the readers.

Related Articles