झारखंड : Reel वाले इंस्पेक्टर साहब की हो गयी छुट्टी, जांच के बाद लाइन हाजिर, 26 जनवरी को पत्नी संग वर्दी में बनाया था रील

Jharkhand: Inspector Sahib from the reel has been dismissed, reported to the police after investigation, he had made a reel in uniform with his wife on January 26.

गणतंत्र दिवस के दिन पत्नी के साथ रील बनाने का मामला थाना प्रभारी पर भारी पड़ गया। रील वायरल होने के बाद जांच बैठाई गई और रिपोर्ट के आधार पर हुसैनाबाद थाना प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया गया, जबकि नए थाना प्रभारी की नियुक्ति कर दी गई है।

Jharkhand Police News : Reel वाले इंस्पेक्टर साहब पर गाज गिर गयी है। झारखंड के पलामू जिले से जुड़ा ये मामला है। हुसैनाबाद थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर सोनू कुमार चौधरी को एक वायरल रील के मामले में लाइन हाजिर कर दिया गया है। दरअसल यह कार्रवाई गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुलिस यूनिफॉर्म में पत्नी के साथ रील बनाने और उसके सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद की गई है।

आपको बता दें कि गणतंत्र दिवस के दिन हुसैनाबाद थाना प्रभारी सोनू कुमार चौधरी ने पुलिस की वर्दी में अपनी पत्नी के साथ एक रील बनाई थी। यह रील अगले दिन मंगलवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई।

वीडियो वायरल होते ही मामले ने तूल पकड़ लिया और पुलिस विभाग की छवि को लेकर सवाल उठने लगे। इसके बाद पलामू की पुलिस अधीक्षक (एसपी) रीष्मा रमेशन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के आदेश दिए।

एसपी रीष्मा रमेशन के निर्देश पर हुसैनाबाद के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) मोहम्मद याकूब के नेतृत्व में एक जांच समिति गठित की गई। जांच का उद्देश्य यह पता लगाना था कि क्या थाना प्रभारी द्वारा पुलिस आचरण नियमों और अनुशासन का उल्लंघन किया गया है। जांच के दौरान वीडियो, परिस्थितियों और संबंधित तथ्यों की समीक्षा की गई।

एसपी कार्यालय द्वारा कार्रवाई करते हुए हुसैनाबाद थाना प्रभारी सोनू कुमार चौधरी को लाइन हाजिर कर दिया गया। पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासन सर्वोपरि है और वर्दी की गरिमा बनाए रखना हर अधिकारी की जिम्मेदारी है।

बताया जा रहा है कि सोनू कुमार चौधरी वर्ष 2012 बैच के सब इंस्पेक्टर हैं। वर्ष 2024 में उन्हें पदोन्नति देकर इंस्पेक्टर बनाया गया था और वे हुसैनाबाद थाना प्रभारी के रूप में कार्यरत थे। हालांकि, सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस रील प्रकरण ने उनके करियर पर अस्थायी तौर पर असर डाल दिया है।

इधर, लाइन हाजिर किए जाने के बाद हुसैनाबाद थाने की जिम्मेदारी नए अधिकारी को सौंप दी गई है। पाटन अंचल में तैनात इंस्पेक्टर चंदन कुमार को हुसैनाबाद का नया थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। चंदन कुमार इससे पहले पलामू जिले के हरिहरगंज थाने में भी थानेदार के रूप में सेवाएं दे चुके हैं।

कुछ महीने पहले ही उनकी तैनाती पाटन सर्किल इंस्पेक्टर के पद पर हुई थी, जहां वे प्रशासनिक अनुभव अर्जित कर रहे थे।वहीं, स्पेशल पुलिस इन्वेस्टिगेशन यूनिट (SPIU) में तैनात इंस्पेक्टर सुरेश मंडल को पाटन का नया इंस्पेक्टर बनाया गया है।

Related Articles