झारखंड: पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर जयराम महतो की पार्टी तैयार, ऑब्जर्बर व कैंपेन कमेटी का किया ऐलान, इन नेताओं को दी अहम जिम्मेदारी

Jharkhand: Jairam Mahto's party is ready for the West Bengal elections, announcing an observer and campaign committee, and assigning key responsibilities to these leaders.

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर झारखंड की क्षेत्रीय पार्टी झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) ने भी अपनी तैयारी तेज कर दी है। पार्टी अध्यक्ष जयराम महतो ने चुनाव प्रबंधन और प्रचार अभियान के लिए कई नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी है।
________________________________________

रांची। पश्चिम बंगाल चुनाव 2026 को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी रणनीति तैयार करनी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में झारखंड की क्षेत्रीय पार्टी झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) ने भी चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी तेज कर दी है। पार्टी के अध्यक्ष और डुमरी विधायक जयराम महतो ने पश्चिम बंगाल चुनाव के लिए संगठन के भीतर नई जिम्मेदारियां तय करते हुए नेताओं और पदाधिकारियों को अहम भूमिकाएं सौंपी हैं।

पार्टी की ओर से बताया गया है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए Election Management and Campaign Committee के साथ-साथ Observer for West Bengal Election 2026 के पदों पर भी कई नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी नेतृत्व ने इन पदाधिकारियों से उम्मीद जताई है कि वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ चुनावी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे और पार्टी की विचारधारा को जनता तक पहुंचाने का काम करेंगे।

पहले से बन रही थी चुनाव लड़ने की रणनीति
दरअसल, पश्चिम बंगाल में चुनाव लड़ने की रणनीति JLKM काफी समय से बना रही थी। पिछले साल पुरुलिया में पार्टी की एक बड़ी बैठक भी आयोजित की गई थी, जिसमें पश्चिम बंगाल में संगठन को मजबूत करने और चुनाव में उतरने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई थी। उसी बैठक के बाद से यह लगभग तय माना जा रहा था कि पार्टी 2026 के विधानसभा चुनाव में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएगी।

पार्टी नेताओं का कहना है कि झारखंड के सीमावर्ती क्षेत्रों में JLKM की विचारधारा से जुड़े समर्थकों की संख्या अच्छी है। इसी आधार पर संगठन ने पश्चिम बंगाल में भी अपनी राजनीतिक जमीन तैयार करने की योजना बनाई है।

दो चरणों में होंगे पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव
इधर, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 का कार्यक्रम भी घोषित कर दिया गया है। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा भारत निर्वाचन आयोग द्वारा की गई। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बताया कि इस बार राज्य में चुनाव दो चरणों में कराए जाएंगे।पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल 2026 को होगा, जिसमें 152 विधानसभा सीटों पर वोट डाले जाएंगे। इसके लिए अधिसूचना 30 मार्च को जारी की जाएगी और उम्मीदवार 6 अप्रैल तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे।

नामांकन पत्रों की जांच 7 अप्रैल को होगी, जबकि 9 अप्रैल नाम वापस लेने की अंतिम तिथि तय की गई है।
दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल 2026 को होगा, जिसमें शेष 142 विधानसभा सीटों पर वोटिंग होगी। इसके लिए अधिसूचना 2 अप्रैल को जारी होगी और उम्मीदवार 9 अप्रैल तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 10 अप्रैल को होगी और 13 अप्रैल तक नाम वापस लिया जा सकेगा।

4 मई को आएंगे नतीजे
चुनाव आयोग के अनुसार दोनों चरणों में मतदान संपन्न होने के बाद 4 मई 2026 को मतगणना की जाएगी और उसी दिन परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। पूरी चुनाव प्रक्रिया 6 मई तक पूरी कर ली जाएगी।गौरतलब है कि वर्ष 2021 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव आठ चरणों में कराए गए थे, लेकिन इस बार आयोग ने व्यापक समीक्षा के बाद चरणों की संख्या घटाकर दो करने का निर्णय लिया है।

पश्चिम बंगाल के चुनाव में JLKM की एंट्री को राजनीतिक विश्लेषक नए समीकरणों के रूप में देख रहे हैं। हालांकि पार्टी का प्रभाव सीमित क्षेत्रों में माना जाता है, लेकिन सीमावर्ती इलाकों में इसका चुनावी असर देखने को मिल सकता है।

Related Articles