झारखंड: प्रेमिका से मिलने गया था युवक, चोर समझकर लोगों ने पीट-पीटकर मार डाला, मारने वाले दो आरोपी हुए गिरफ्तार
Jharkhand: A young man went to meet his girlfriend, but people mistook him for a thief and beat him to death. Two of the accused were arrested.

पलामू। प्रेमिका से मिलने गये युवक की चोर समझकर पिटाई के मामले ने तूल पकड़ लिया है। पुलिस ने इस मामले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूरा मामला पलामू जिले के पड़वा थाना क्षेत्र के तेलियाही गांव की है।
जहां मॉब लिंचिंग की एक दर्दनाक घटना सामने आई, जिसमें एक युवक की जान चली गई। शुरुआती सूचना में बैटरी चोरी के शक में पिटाई की बात कही जा रही थी, लेकिन पुलिस जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा पाया गया है।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, वहीं प्रशासन ने एहतियातन गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया है। पुलिस की तरफ से मिली जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान मुसमा गांव निवासी पवन राम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पवन राम पेशे से ड्राइवर था और देर रात अपनी कथित प्रेमिका से मिलने तेलियाही गांव पहुंचा था।
इसी दौरान युवती के परिजनों और कुछ ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। आरोप है कि युवक को रस्सी से बांधकर बेरहमी से पिटाई की गयी। जानकारी के मुताबिक, घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल सक्रिय हुई। गंभीर रूप से घायल अवस्था में पवन राम को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।
पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में बैटरी चोरी का संदेह सामने आया था, परंतु तथ्यों की पुष्टि के बाद मामला प्रेम प्रसंग से संबंधित पाया गया। एसपी ने बताया कि युवक के साथ हुई मारपीट में शामिल दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। स्थानीय स्तर पर पूछताछ के साथ-साथ तकनीकी साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है, ताकि दोषियों को चिन्हित कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।घटना के बाद गांव में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।









