झारखंड अलर्ट: आज से झारखंड में बारिश के साथ ओले और आंधियां, 48 घंटे का मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, पढ़िये चेतावनी

Jharkhand Alert: Rain, hailstorms and thunderstorms in Jharkhand from today; Meteorological Department issues 48-hour alert, read the warning.

झारखंड में मौसम फिर बदलने वाला है। मौसम विभाग ने 27-28 मार्च को झारखंड के कई जिलों में तेज हवाओं, बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है, लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Jharkhand Weather Update : झारखंड में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के कई जिलों में 27 और 28 मार्च को तेज आंधी, गरज-चमक के साथ बारिश, वज्रपात और ओलावृष्टि की संभावना जताई है। इसे लेकर विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

मौसम विभाग ने बताया है कि, 27 मार्च को राज्य के कई जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इन जिलों में गढ़वा, चतरा, पलामू, लातेहार, हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, रांची, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा शामिल हैं। इन क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने और ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है।

इसके अलावा साहिबगंज, पाकुड़, गोड्डा, दुमका, देवघर, जामताड़ा और गिरिडीह जिलों में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा। यहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। मौसम विभाग ने खासतौर पर किसानों और खुले स्थानों पर काम करने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

28 मार्च को भी मौसम का यही रुख बना रह सकता है। हालांकि उत्तर-पश्चिमी जिलों में इसका प्रभाव अपेक्षाकृत कम रहने की संभावना है, लेकिन अन्य इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और बारिश के साथ गरज-चमक की स्थिति बनी रह सकती है।

29 मार्च को राज्य में आंशिक बादल छाए रहने का अनुमान है, जबकि उत्तर-पूर्वी क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद 30 और 31 मार्च को भी पूर्वी और मध्य झारखंड के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है, जिससे मौसम कुछ हद तक सुहावना रह सकता है।

राजधानी रांची में 27 मार्च को आंशिक बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान लगभग 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है।

Related Articles