झारखंड बीएड एडमिशन: शिक्षक अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर, बीएड परीक्षा के लिए आवेदन से लेकर परीक्षा व रिजल्ट की डेटलाइन जारी, जानिये डिटेल

Jharkhand Bed Admission : शिक्षक बनने की चाहत रखने वाले अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर है। झारखंड में बीएड, एमएड व बीपीएड की प्रवेश परीक्षा होने वाली है। उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के निर्देश पर झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद ने बीएड, एमएड और बीपीएड कोर्स में नामांकन के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा की तिथि घोषित कर दी है। परीक्षा 26 अप्रैल को ओएमआर आधारित पद्धति से आयोजित होगी।
25 मार्च तक करें आवेदन
मिली जानकारी के मुताबिक अभ्यर्थी 25 मार्च तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। राज्य में संचालित बीएड संस्थानों में बीएड, एमएड तथा बीपीएड कोर्स में नामांकन के लिए आयोजित होने वाली संयुक्त प्रवेश परीक्षा की तिथि घोषित कर दी गई है।
उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के निर्देश के बाद झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (JCECEB) ने आधिकारिक सूचना जारी करते हुए बताया है कि यह परीक्षा 26 अप्रैल को आयोजित की जाएगी।
26 अप्रैल को होगी परीक्षा
परीक्षा को लेकर ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया बुधवार से शुरू हो चुकी है, जिसकी अंतिम तिथि 25 मार्च निर्धारित की गई है।पर्षद द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र में किसी भी प्रकार की त्रुटि सुधार का अवसर भी दिया जाएगा।
ऑनलाइन आवेदन में सुधार 27 मार्च तक किया जा सकेगा। वहीं, प्रवेश परीक्षा की तिथि के चार दिन पूर्व से अभ्यर्थी पर्षद की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे।
इन जिलों में होगी परीक्षा
परीक्षा के लिए सभी आवश्यक दिशा-निर्देश भी वेबसाइट पर उपलब्ध कराए गए हैं।यह प्रवेश परीक्षा राज्य के प्रमुख शहरों — रांची, धनबाद, जमशेदपुर, बोकारो, दुमका, पलामू, हजारीबाग एवं चाईबासा — में आयोजित की जाएगी। परीक्षा ओएमआर आधारित होगी, जिसमें कुल 100 अंकों के बहुवैकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा। परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग का प्रावधान रखा गया है।
गलत उत्तर देने पर 0.25 अंक काटे जाएंगे। इस प्रकार चार गलत उत्तरों पर एक अंक की कटौती होगी। पर्षद ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे प्रश्नों का उत्तर सावधानीपूर्वक दें।
स्थानीय लोगों को 85 प्रतिशत मिलेगा दाखिला
नामांकन प्रक्रिया को लेकर पर्षद ने स्पष्ट किया है कि संस्थानों की कुल सीटों में से 85 प्रतिशत सीटों पर नामांकन झारखंड के विश्वविद्यालयों से उत्तीर्ण अभ्यर्थियों की मेधा सूची के आधार पर किया जाएगा। शेष 15 प्रतिशत सीटें ओपन श्रेणी की होंगी, जिन पर अन्य राज्यों से उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को भी अवसर मिलेगा। यह व्यवस्था राज्य के छात्रों को प्राथमिकता देने के उद्देश्य से की गई है।
मई में आयेगा रिजल्ट
पर्षद ने यह भी बताया कि स्नातक या स्नातकोत्तर के अंतिम वर्ष में अध्ययनरत अभ्यर्थी भी इस परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। हालांकि, उन्हें नामांकन के समय आवश्यक अंकों के साथ अपनी योग्यता परीक्षा उत्तीर्ण करना अनिवार्य होगा। परीक्षा के बाद अगले माह परिणाम जारी होने की संभावना है, जिसके उपरांत काउंसिलिंग प्रक्रिया शुरू की जाएगी। अनुमान है कि मई-जून के दौरान विभिन्न संस्थानों में नामांकन की प्रक्रिया पूर्ण कर ली जाएगी।









