झारखंड- सिविल सर्जन के घर लाखों की चोरी, बाथरूम के नल व बिजली की वायरिंग तक उखाड़ ले गये चोर, पुलिसजांच में जुटी
Jharkhand: Lakhs of rupees stolen from the Civil Surgeon's home; thieves even took away bathroom taps and electrical wiring; police investigating.

Jharkhand Crime News: सिविल सर्जन के घर पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया। चोर ने सिर्फ नकदी और जेवरात ही नहीं, बल्कि घरों में लगे नल, इलेक्ट्रिक वायरिंग और घरेलू उपकरणों के पुर्जे तक उखाड़कर ले जा रहे हैं। ताजा मामला बैंक कॉलोनी का है, जहां कोलकाता में पदस्थापित एक सिविल सर्जन के बंद मकान में बड़ी चोरी की घटना सामने आई है।
पाकुड़ जिला मुख्यालय के बैंक कॉलोनी इलाके में एक चौंकाने वाली चोरी की घटना सामने आई। पश्चिम बंगाल के कोलकाता में सिविल सर्जन के पद पर कार्यरत डॉ. जयंतो शुक्ला का मकान बीते तीन महीनों से बंद था। डॉ. शुक्ला अपने पूरे परिवार के साथ कोलकाता में रह रहे थे। लंबे समय तक घर बंद रहने का फायदा उठाकर चोरों ने इस मकान को अपना निशाना बना लिया।
आसपास के लोगों ने डॉ. शुक्ला के परिजनों को दी। सूचना मिलते ही उनके रिश्तेदार मनोजीत पांडेय मौके पर पहुंचे। जैसे ही उन्होंने घर का ताला खोला, अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। घर के लगभग हर हिस्से को चोरों ने खंगाल डाला था। अलमारी में रखे सामान के अलावा फ्रिज, एसी, वाशिंग मशीन के मोटर और कंप्रेसर तक निकाल ले गए।
इतना ही नहीं, किचन और बाथरूम में लगे नल, फिटिंग्स और पूरे घर की इलेक्ट्रिक वायरिंग भी उखाड़ ली गई थी। उन्होंने कहा कि फिलहाल उन्हें यह स्पष्ट जानकारी नहीं है कि अलमारी में कपड़ों के अलावा और क्या-क्या कीमती सामान रखा था। वे इस संबंध में अपनी दीदी और जीजा से संपर्क कर पूरी जानकारी जुटा रहे हैं।
सूचना मिलते ही नगर थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घर के आसपास के इलाकों का मुआयना किया और संभावित सुराग जुटाने की कोशिश की। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि चोरी कब और कैसे हुई।स्थानीय लोगों का कहना है कि शहरी क्षेत्र में पहले भी कई चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन इस तरह से पूरे घर को खाली कर देने जैसी घटना न तो पहले कभी सुनी गई और न ही देखी गई।









