झारखंड- DC के फेसबुक एकाउंट से फर्जीवाड़े की प्लानिंग, CRPF अफसर का फर्नीचर बेचवाने के नाम पर मांगे जा रहे हैं पैसे, जिला प्रशासन ने किया आगाह

Jharkhand: Fraudulent activity being planned using the DC's Facebook account; money being demanded in the name of selling a CRPF officer's furniture; district administration issues warning

लोहरदगा। झारखंड में साइबर ठगों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं और अब वे प्रशासनिक व न्यायिक अधिकारियों को भी निशाना बनाने लगे हैं। सूबे के लोहरदगा जिले से ऐसा ही एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां साइबर ठगों ने जिला उपायुक्त कुमार ताराचंद के नाम और फोटो का इस्तेमाल कर फर्जी फेसबुक आईडी बना ली है। इस फर्जी आईडी के जरिए आम लोगों को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है।

 

जिला प्रशासन की तरफ से जानकारी दी गयी है कि, नकली फेसबुक अकाउंट से लोगों को संदेश भेजकर यह दावा किया जा रहा है कि सीआरपीएफ अधिकारियों का पुराना फर्नीचर बिक्री के लिए उपलब्ध है। यह संदेश पूरी तरह झूठा और भ्रामक है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपायुक्त कुमार ताराचंद की ओर से ऐसा कोई फेसबुक अकाउंट संचालित नहीं किया जा रहा है और न ही इस तरह का कोई संदेश जारी किया गया है।

 

इधर, जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आ गया है। आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे इस प्रकार के संदेशों पर बिल्कुल भी भरोसा न करें और न ही किसी तरह की प्रतिक्रिया दें। यदि किसी को उपायुक्त के नाम से इस तरह का फर्जी संदेश प्राप्त होता है, तो तुरंत इसकी सूचना जिला प्रशासन या संबंधित साइबर सेल को दें।

 

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि फर्जी आईडी बनाकर लोगों को भ्रमित करने वाले व्यक्ति या गिरोह के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साइबर अपराध से जुड़े प्रावधानों के तहत दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

अधिकारियों का कहना है कि यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी राज्य के कई जिलों में उपायुक्त और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के नाम पर फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर ठगी की कोशिश की जा चुकी है। करीब दो साल पहले गुमला जिले में भी तत्कालीन उपायुक्त के नाम से इसी तरह का फर्जी अकाउंट बनाकर लोगों को ठगने का प्रयास किया गया था।

 

जिला प्रशासन लोहरदगा ने लोगों से सतर्क रहने, किसी भी अनजान या संदिग्ध सोशल मीडिया संदेश की जांच किए बिना उस पर भरोसा न करने और साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूक रहने की अपील की है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

ashrita

It is one of the rapidly emerging news websites of the country. HPBL has proved its name (Har Pal Breaking Live) meaningful every time. HPBL, which has become a trusted brand of Bihar-Jharkhand, check every news of HPBL for its reliability before delivering it to you. The reporters and desk staff of hpblnews.com news website work on a 24X7 mission mode for you, the readers.

Related Articles