झारखंड- हाथी बना हैवान: गजराज ने फिर ले ली तीन लोगों की जान, एक महिला की हालत गंभीर, वन विभाग मौके पर…

Jharkhand- Elephant turns monster: Gajraj again takes the lives of three people, one woman is in critical condition, forest department on the spot...

झारखंड के रामगढ़ जिले में जंगली हाथियों के हमले में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने सुरक्षा की मांग की है।
________________________________________
रामगढ़। जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां जंगली हाथियों के हमले में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। यह घटना शुक्रवार सुबह गोला वन क्षेत्र के बंदा, मुरपा और धोरधोरिया इलाकों में हुई।

अचानक हुआ हमला, तीन लोगों की मौके पर मौत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बंदा क्षेत्र में स्थित एक ईंट भट्ठा पर काम कर रहे दो युवक—25 वर्षीय धीरज भुइयां (निवासी तालाटांड, पतरातू) और 25 वर्षीय युगल भुइयां (निवासी कुजू)—पर अचानक जंगली हाथियों के झुंड ने हमला कर दिया। हाथियों ने दोनों को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।इसी दौरान पास के क्षेत्र में महुआ चुन रहे 70 वर्षीय श्याम देव साहू भी हाथियों की चपेट में आ गए।

उन्हें भी हाथियों ने कुचल दिया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस घटना से इलाके में भय और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।बताया जा रहा है कि मृतक धीरज भुइयां अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

महिला घायल, अस्पताल में इलाज जारी
घटना के दौरान धोरधोरिया सुतरी गांव में महुआ चुन रही 74 वर्षीय अदरी देवी पर भी हाथी ने हमला कर दिया। हाथी ने उन्हें पटककर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

मौके पर पहुंची टीम, मुआवजे की घोषणा
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग की ओर से प्रभारी वनपाल योगेंद्र कुमार, वनरक्षी मनीष कुमार शर्मा, दीपक सिंहा और निलेश पोद्दार ने स्थिति का जायजा लिया।अधिकारियों ने मृतकों के परिजनों को तत्काल राहत के रूप में 25-25 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की। साथ ही बताया गया कि शेष 3 लाख 75 हजार रुपये की मुआवजा राशि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद दी जाएगी।

इलाके में दहशत, ग्रामीणों की सुरक्षा की मांग
इसके अलावा ईंट भट्ठा संचालक ने भी मृतकों के परिवारों को 40-40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में अक्सर जंगली हाथियों का मूवमेंट रहता है, जिससे जान-माल का खतरा बना रहता है। उन्होंने वन विभाग से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और हाथियों को आबादी वाले क्षेत्रों से दूर रखने की मांग की है।

Related Articles