झारखंड- …ये मां है या….: मां ने 14 साल साल की बेटी की 42 साल के अधेड़ संग करा दी शादी, फिर खुद हो गयी प्रेमी संग फरार, नाबालिग का दुल्हा बना शख्स गिरफ्तार

Jharkhand- ...Is this a mother or....: Mother marries off her 14-year-old daughter to a 42-year-old man, then runs away with her lover; man posing as groom for minor arrested

मां ने अपनी 14 साल की नाबालिग बेटी की 42 वर्षीय व्यक्ति से शादी करा दी। फिर खुद भी अपने प्रेमी के साथ फरार हो गयी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग से शादी रचाने वाले अधेड़ को गिरफ्तार कर नाबालिग का रेस्क्यू कल लिया है। लड़की को बाल कल्याण समिति के संरक्षण में भेज दिया है। मामले में पॉक्सो समेत गंभीर धाराओं में जांच जारी है।

Jharkhand News : एक मां ने ऐसा कांड किया है कि सुनकर इंसानियत भी शर्मा जाये। प्रेमी के साथ भागने की जल्दबाजी में मां ने अपनी 14 साल की बेटी की 42 साल के अधेड़ के साथ शादी करवा दी।

मामला झारखंड के पलामू जिले का है। जहां एक मां ने अपनी ही 14 वर्षीय नाबालिग बेटी की शादी 42 वर्षीय अधेड़ व्यक्ति से करा दी। यह मामला न केवल कानून का घोर उल्लंघन है, बल्कि समाज में बच्चों की सुरक्षा और अधिकारों को लेकर गंभीर सवाल भी खड़े करता है।

अब पुलिस ने त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इस पूरे प्रकरण की जांच पॉक्सो एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में कर रही है। नाबालिग को सुरक्षित रेस्क्यू कर बाल कल्याण समिति (CWC) के संरक्षण में भेज दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, पीड़िता पलामू जिले के नावाजयपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली है। करीब दो महीने पहले उसकी मां ने कथित रूप से अपनी नाबालिग बेटी को बिश्रामपुर निवासी प्रभाकर कुमार मिश्रा के साथ शादी के नाम पर सौंप दिया था।

आरोपी की उम्र लगभग 42 वर्ष बताई जा रही है। शादी के बाद आरोपी बच्ची को लेकर मेदिनीनगर के श्रीराम पथ इलाके में रहने लगा।पीड़िता ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि उसकी मां अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर फरार हो गई थी।

वहीं उसके पिता रोजगार की तलाश में गुजरात के सूरत शहर में मजदूरी करते थे। मां ने बेटी को यह कहकर गुमराह किया था कि उसके पिता की मृत्यु हो चुकी है, जिससे बच्ची पूरी तरह असहाय स्थिति में आ गई।

कुछ समय बाद जब पीड़िता के पिता गुजरात से वापस पलामू लौटे और अपनी बेटी से मिलने पहुंचे, तो उन्हें पूरे मामले की जानकारी मिली। पिता जब बेटी को लेकर घर आए, तब बच्ची ने अपनी आपबीती साझा की। इसके बाद पिता ने मामले की सूचना पुलिस को दी, जिससे पूरे घटनाक्रम का खुलासा हुआ।

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए नाबालिग को आरोपी के कब्जे से मुक्त कराया। बच्ची को मेडिकल जांच के बाद बाल कल्याण समिति के संरक्षण में सौंप दिया गया है, ताकि उसकी सुरक्षा और पुनर्वास सुनिश्चित किया जा सके। वहीं आरोपी प्रभाकर कुमार मिश्रा को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पलामू की पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने बताया कि इस मामले में सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम और अन्य संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस अपराध में मां की भूमिका कितनी गहरी है और क्या इसमें अन्य लोग भी शामिल थे।

एसपी ने कहा कि नाबालिगों के खिलाफ इस तरह के अपराधों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने समाज से भी अपील की कि इस तरह की घटनाओं की जानकारी तुरंत पुलिस या प्रशासन को दें, ताकि समय रहते बच्चों को बचाया जा सके।

Related Articles