झारखंड- जवान की मौत : सड़क हादसे में झारखंड पुलिस के जवान की मौत, स्पेशल ब्रांच में था तैनात, पुलिस महकमे में शोक की लहर
Jharkhand Police constable dies in road accident; police department mourns death

सड़क हादसे में झारखंड पुलिस के स्पेशल ब्रांच में तैनात 2005 बैच के कांस्टेबल शिव कुमार रवि की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना से पुलिस महकमे और परिवार में शोक की लहर है।
Jharkhand Police Constable Death : सड़क हादसे में एक जवान की मौत हो गयी। गंभीर रूप से जख्मी जवान को अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन इलाज के दौरान उनकी उनकी मौत हो गयी।
घटना झारखंड के पलामू जिले की है। जहां, सड़क हादसे में स्पेशल ब्रांच के कांस्टेबल शिव कुमार रवि की मौत हो गई। वह वर्ष 2005 बैच के झारखंड पुलिस के कांस्टेबल थे और वर्तमान में स्पेशल ब्रांच में कार्यरत थे। उनकी तैनाती पलामू जिले के रेहला थाना क्षेत्र में थी।
मिली जानकारी के अनुसार, कांस्टेबल शिव कुमार रवि रोड थाना क्षेत्र के भदुमा गांव के रहने वाले थे। घटना के दिन वह रेहला थाना क्षेत्र के बीमोड़ के पास स्थित एक गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नेशनल हाइवे पर उनका वाहन एक सड़क हादसे का शिकार हो गया। हादसा इतना गंभीर था कि शिव कुमार रवि को सिर और पैर में गंभीर चोटें आईं।
ग्रामीणों और परिजनों की मदद से उन्हें तत्काल मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। वहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स (राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान) रेफर कर दिया।
हालांकि, रिम्स ले जाने के क्रम में ही रास्ते में उनकी मौत हो गई। इस हादसे ने न सिर्फ उनके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है, बल्कि पूरे पुलिस महकमे को भी शोकाकुल कर दिया है।
कांस्टेबल शिव कुमार रवि के शव को वापस मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल लाया गया, जहां उनका पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनके पार्थिव शरीर को पलामू पुलिस लाइन लाया जाएगा। यहां पूरे राजकीय सम्मान के साथ उन्हें अंतिम सलामी दी जाएगी। पुलिस विभाग की ओर से शोक सम्मान समारोह की तैयारी की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पलामू के सार्जेंट मेजर सुरेश कुमार राम समेत बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान मौके पर पहुंचे। उन्होंने मामले की जानकारी ली और परिजनों को ढांढस बंधाने की कोशिश की।
वहीं, मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार के सदस्यों का कहना है कि शिव कुमार रवि परिवार के एकमात्र सहारे थे और उनके अचानक चले जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।









