Jharkhand Job: झारखंड में नौकरियां ही नौकरियां, इंतजार हुआ खत्म ! 9000 पदों पर बंटेगा ज्वाइनिंग लेटर, शिक्षक सहित इन पदों के लिए बंटेगा नियुक्ति पत्र

Jharkhand Job News : झारखंड में नौकरी की बहार आने वाली है। जो युवा लंबे समय से नियुक्ति का इंतजार कर रहे थे, उनका इंतजार खत्म हो रहा है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के कार्यकाल का पहला साल नियुक्ति वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में 28 नवंबर को झारखंड में 9000 युवाओं को ज्वाइनिंग लेटर बांटा जायेगा। दरअसल हेमंत सरकार के दूसरे कार्यकाल का एक वर्ष 28 नवंबर को पूरा हो रहा है।
11 नवंबर से शुरू हुए झारखंड के रजत जयंती समारोह का समापन भी 28 को हो जायेगा। इस मौके पर सीएम हेमंत सोरेन रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित समारोह में लगभग नौ हजार लोगों को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। रांची के मोरहाबादी मैदान में नियुक्ति पत्र वितरण समारोह की तैयारी चल रही है।
जानकारी के मुताबिक अभ्यर्थियों की नियुक्ति राज्य सरकार के अलग-अलग विभागों में की जायेगी, जिसकी सूचना अभ्यर्थियों के बीच भेज दी गयी है। वहीं, मोरहाबादी मैदान में बड़ा मंच बनाया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक दस हजार लोगों के बैठने के लिए कुर्सियां भी लगायी जा रही हैं। मोरहाबादी मैदान के चारों तरफ होर्डिंग्स लगाये गये हैं। अब तक नियुक्ति पत्र के लिए 8514 अभ्यर्थियों की सूची तैयार हो गयी है।
शिक्षकों की बंपर नियुक्ति होगी
झारखंड में सबसे अधिक शिक्षकों की नियुक्ति होगी। राज्य के प्राथमिक व मध्य विद्यालय में कुल आठ हजार सहायक आचार्य की नियुक्ति होगी। कक्षा छह से आठ में गणित एवं विज्ञान, सामाजिक विज्ञान व भाषा विषय में सफल अभ्यर्थी शामिल हैं। पलामू जिला में सबसे अधिक 779 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र मिलेगा। जिले में कक्षा एक से पांच के 396, भाषा के 81, गणित एवं विज्ञान के 37 व सामाजिक विज्ञान विषय के 265 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र मिलेगा।
किस पद के लिए कितने नियुक्ति पत्र होंगे वितरित
मिली जानकारी के मुताबिक सहायक आचार्य के 8000, उप समाहर्ता 207, पुलिस उपाधीक्षक 35, राज्य कर पदाधिकारी 56, काराधीक्षक 02, झारखंड शिक्षा सेवा श्रेणी-दो 10, जिला समादेष्टा 01, सहायक निबंधक 08, श्रम अधीक्षक 14, प्रोबेशन पदाधिकारी 06, निरीक्षक उत्पाद 03, कीटपालक 150 पदों पर नियुक्ति पत्र वितरित किया जायेगा।









