झारखंड: बाल-बाल बचे विधायक, तेज रफ्तार वाहन ने पहले स्कार्ट वैन को मारी टक्कर, फिर विधायक की गाड़ी से टकरायी…
Jharkhand: MLA narrowly escapes; speeding vehicle hits escort van, then collides with MLA's car...

गढ़वा जिले के भवनाथपुर विधायक अनंत प्रताप देव की गाड़ी सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई। तेज रफ्तार कमांडर वाहन की टक्कर से गाड़ी क्षतिग्रस्त हुई, लेकिन एयरबैग खुलने से विधायक सुरक्षित बच गए।
________________________________________
गढ़वा। भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक अनंत प्रताप देव एक भीषण सड़क दुर्घटना में बाल-बाल बच गए। हादसा उस समय हुआ, जब वे अपने आवास से डंडई की ओर एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी, हालांकि राहत की बात यह रही कि विधायक को किसी प्रकार की गंभीर चोट नहीं आई।
यह दुर्घटना रमना–श्री बंशीधर मुख्य मार्ग पर सीरियाटोंगर मोड़ के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कमांडर वाहन (UP40D1875) अचानक अनियंत्रित हो गई। वाहन ने पहले विधायक के स्कॉर्ट में चल रही गाड़ी को जोरदार टक्कर मारी और इसके बाद सीधे विधायक की गाड़ी से जा टकराई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि विधायक की गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के दौरान कार का एयरबैग तुरंत खुल गया, जिसने विधायक को गंभीर चोट लगने से बचा लिया। मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि अगर एयरबैग समय पर नहीं खुलता, तो हादसा और भी भयावह हो सकता था।
घटना को लेकर मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल सहायता पहुंचाई और स्थिति को संभाला। वहीं, सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी। घायल स्कॉर्ट वाहन में सवार लोगों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया।
बताया जा रहा है कि कमांडर वाहन की तेज गति और चालक का नियंत्रण खोना इस दुर्घटना का मुख्य कारण हो सकता है। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और चालक से पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद यातायात व्यवस्था कुछ समय के लिए बाधित रही, जिसे बाद में सामान्य किया गया।
इस हादसे के बाद सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। खासकर व्यस्त मार्गों पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रहा है। प्रशासन द्वारा समय-समय पर जागरूकता अभियान चलाए जाने के बावजूद इस तरह की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं।









