झारखंड: मां-बेटी की रहस्यमयी तरीके से मौत, दूसरी बेटी की भी हालत नाजुक, हादसा है या हत्या ? पुलिस जाच में जुटी
Jharkhand: Mother and daughter die under mysterious circumstances, another daughter in critical condition; accident or murder? Police launch investigation.

Jharkhand Crime News : इलाके में उस वक्त सनसनी मच गयी, जब मां-बेटी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गयी, वहीं एक और बेटी की हालत नाजुक है। घटना झारखंड के गढ़वा जिले की है, जहां मझिआंव थाना क्षेत्र के कामत गांव में एक ही परिवार की मां और बेटी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई है।
परिजनों और ग्रामीणों ने जहर खुरानी की आशंका जताई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं और अधिकांश लोग इसे जहर खुरानी से जोड़कर देख रहे हैं, हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। मृतक की पहचान सउद खान की पत्नी यास्मीन खातून और उनकी आठ वर्षीय पुत्री के रूप में हुई है। वहीं, परिवार की छह वर्षीय दूसरी बेटी की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसका इलाज फिलहाल जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही मझिआंव थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी जुटाई। महिला के पिता ने बताया कि देर रात उन्हें फोन आया था कि उनकी बेटी यास्मीन और नातिन की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। कुछ ही देर बाद दोबारा फोन कर बताया गया कि यास्मीन खातून की मौत हो गई है, जबकि उस समय नातिन से बातचीत हो रही थी।
महिला के पिता ने बताया कि जब वे सुबह कामत गांव पहुंचे तो उन्हें जानकारी मिली कि आठ वर्षीय नातिन की भी मौत हो चुकी है। पुलिस के मुताबिक, यास्मीन खातून की मौत लगभग रात 11:30 बजे हुई, जबकि उनकी बेटी की मौत सुबह करीब 4:30 बजे बताई जा रही है।
परिजनों ने दोनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की कोशिश की थी, लेकिन अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
गंभीर हालत में बची छह वर्षीय बच्ची का उपचार डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा है।मझिआंव थाना निरीक्षक बृज कुमार ने बताया कि फिलहाल मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया कुछ लोगों द्वारा जहर खुरानी की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी पुष्टि अभी नहीं की जा सकती।
पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। घर में किसी तरह का जहरीला पदार्थ मिला है या नहीं, इस बिंदु पर भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि मौत किसी जहरीले पदार्थ के सेवन से हुई है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। इसके साथ ही पुलिस परिवार के सदस्यों, पड़ोसियों और रिश्तेदारों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि घटना के पीछे की सच्चाई सामने आ सके।









