झारखंड नक्सली मुठभेड़ : 15 लाख के मोस्ट वांटेड शहदेव सहित चार नक्सली मुठभेड़ में मार गिराये गये, महिला कमांडर नताशा भी ढेर

Jharkhand Naxalite encounter: Four Naxalites, including Shahdev, a most wanted man with a reward of Rs 15 lakh, were killed in the encounter; female commander Natasha was also killed.

Jharkhan Police Naxal Encounter News : झारखंड में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। चतरा और हजारीबाग जिले की सीमा पर हुए भीषण मुठभेड़ में चार हार्डकोर नक्सलियों को मार गिराया गया है। मारे गए नक्सलियों में 15 लाख रुपये का इनामी उग्रवादी शहदेव महतो और महिला नक्सली नताशा भी शामिल हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक हजारीबाग पुलिस को खुफिया इनपुट मिला था कि शहदेव महतो अपने दस्ते के साथ इलाके में सक्रिय है और मूवमेंट कर रहा है। इस सूचना के आधार पर चतरा पुलिस, हजारीबाग पुलिस और कोबरा (COBRA) कमांडो की संयुक्त टीम ने विशेष अभियान शुरू किया। सुरक्षा बलों ने जंगल क्षेत्र को घेरते हुए सर्च ऑपरेशन चलाया।

बताया जा रहा है कि शहदेव महतो अपने साथियों के साथ हजारीबाग के केराडरी जंगल क्षेत्र से चतरा की ओर बढ़ रहा था। इसी दौरान पुलिस टीम ने उनकी घेराबंदी कर दी। जैसे ही नक्सलियों को सुरक्षा बलों की मौजूदगी का एहसास हुआ, उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस और कोबरा कमांडो ने भी मोर्चा संभाला और दोनों तरफ से तीव्र गोलीबारी शुरू हो गई।

इस मुठभेड़ में चारों नक्सली मौके पर ही मारे गए। मारे गए अन्य नक्सलियों में बुद्धदेव का नाम भी शामिल है, जबकि चौथे नक्सली की पहचान अभी की जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है, ताकि किसी अन्य उग्रवादी की मौजूदगी या छिपे हुए हथियारों का पता लगाया जा सके।

मुठभेड़ स्थल से अब तक दो एके-47 राइफल सहित कुल चार हथियार बरामद किए गए हैं। इसके अलावा अन्य संदिग्ध सामग्री भी मिली है, जिसकी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई नक्सल नेटवर्क को कमजोर करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

इस ऑपरेशन के बाद हजारीबाग जिले को नक्सल प्रभावित क्षेत्रों की सूची से बाहर किए जाने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शहदेव महतो का दस्ता इस इलाके में सक्रिय आखिरी बड़ा समूह था। इनके मारे जाने के बाद क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों पर काफी हद तक रोक लगने की उम्मीद है।

Related Articles