झारखंड: पुलिस-नक्सली मुठभेड़, दोनों तरफ से हुई गोलीबारी में तीन जवान घायल, इलाके में सर्च आपरेशन जारी
Jharkhand: Police-Naxalite encounter; three soldiers injured in crossfire; search operation underway in the area

झारखंड के सारंडा क्षेत्र में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में कोबरा बटालियन के तीन जवान घायल हो गए हैं। घायलों को एयरलिफ्ट कर रांची लाने की तैयारी की जा रही है, जबकि इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है।
________________________________________
रांची। झारखंड के घने जंगलों वाले सारंडा क्षेत्र में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच एक बार फिर मुठभेड़ की घटना सामने आई है। इस मुठभेड़ में कोबरा (COBRA) बटालियन के तीन जवान घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि तीनों जवानों को गोली लगी है और उनकी स्थिति को देखते हुए तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, सुरक्षाबलों को इलाके में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी, जिसके बाद संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इसी दौरान नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में सुरक्षाबलों ने भी मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई की। कुछ समय तक चली इस मुठभेड़ में दोनों ओर से भारी गोलीबारी हुई।
इस दौरान कोबरा बटालियन के तीन जवान गोली लगने से घायल हो गए। घटनास्थल जंगलों और पहाड़ी इलाकों से घिरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में भी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि सुरक्षाबलों की टीम लगातार प्रयास कर रही है कि घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके।
सूत्रों के मुताबिक, घायल जवानों को एयरलिफ्ट कर रांची लाने की तैयारी की जा रही है, जहां उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि जवानों का इलाज प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा।
वहीं, इस मुठभेड़ में नक्सलियों के भी हताहत होने की खबर सामने आ रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है। सुरक्षाबलों ने इलाके को घेर लिया है और बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन जारी है, ताकि मुठभेड़ में शामिल नक्सलियों को पकड़ने या निष्क्रिय करने की कार्रवाई की जा सके।घटना के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी गई है। उच्च अधिकारियों द्वारा लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है और ऑपरेशन की निगरानी की जा रही है।









