झारखंड रेल हादसा-तीन की मौत : वंदे भारत ट्रेन से हुआ भयानक हादसा, तीन लोगों की मौत, GRP/RPF की टीम तत्काल पहुंची मौके पर, रेल पटरी…
Jharkhand Rail Accident - Three Dead: A horrific accident involving the Vande Bharat train kills three people; GRP/RPF teams arrive at the scene; rail tracks...

झारखंड के पाकुड़ जिले में नगरनबी रेलवे स्टेशन के पास बड़ा रेल हादसा हो गया। वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई। रेलवे पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
________________________________________
पाकुड़। पाकुड़ से एक हृदयविदारक रेल हादसे की खबर है। जानकारी के मुताबिक नगरनबी रेलवे स्टेशन के समीप डाउन लाइन पर हाई-स्पीड वंदे भारत एक्सप्रेस से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनकी मासूम बच्ची शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि यह भीषण दुर्घटना न्यू जलपाईगुड़ी से हावड़ा जा रही 22302 वंदे भारत एक्सप्रेस अपनी निर्धारित गति से गुजर रही थी। इसी दौरान रेलवे ट्रैक पार कर रहे तीन लोग ट्रेन की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान नगर थाना क्षेत्र के कालीतल्ला मोहल्ला निवासी चंदन सरदार, उनकी पत्नी रूम्पा सरदार और उनकी छोटी बेटी के रूप में हुई है।
रेलवे की तरफ से जानकारी मिली है कि तीनों अपनी बहन के घर से लौट रहे थे और नगरनबी रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक पार करने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार वंदे भारत ट्रेन अचानक वहां पहुंच गई। वंदे भारत ट्रेन की रफ्तार अधिक होने के कारण तीनों को संभलने का अवसर नहीं मिला। टक्कर के बाद शव ट्रैक पर बुरी तरह क्षत-विक्षत अवस्था में पाए गए।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। इधर घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। आरपीएफ प्रभारी संजय कुमार सिंह और जीआरपी के अधिकारियों ने मौके का जायजा लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की।
तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया।
रेलवे पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह प्रतीत होता है कि हादसा ट्रैक पार करने के दौरान हुआ।
हालांकि, घटना के सभी पहलुओं की विस्तृत जांच की जा रही है। अधिकारियों ने यह भी कहा कि यात्रियों और स्थानीय नागरिकों को रेलवे ट्रैक पार करते समय विशेष सावधानी बरतनी चाहिए, विशेषकर हाई-स्पीड ट्रेनों के मार्ग पर।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए रेलवे प्रशासन से सुरक्षा उपायों को और मजबूत करने की मांग की है। कई लोगों का कहना है कि स्टेशन के आसपास उचित चेतावनी संकेत और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की आवश्यकता है।









