झारखंड: पोते को मारने से मना किया, बेटा बन गया हैवान, अपने ही मां-पिता की ले ली जान, फिर हो गया फरार
Jharkhand: Refused to kill grandson, son became a monster, killed his own parents, then absconded

Jharkhand Crime News : माता कुमाता ना होती जगत में…पुत्र कुपुत्र हजार….ये गाने के बोल आज के परिदृष्ट में बिल्कुल सटीक प्रतीत हो रहा है। मामला गुमला जिले के बिशुनपुर थाना क्षेत्र का है। जहां जीलपीदह गांव में बेटे ने अपने माता-पिता की ही जान ले ली। वारदात के बाद कलियुगी बेटा फरार हो गया है।
जानकारी के मुताबिक आरोपी का नाम प्रकाश असुर है। 35 साल के प्रकाश ने अपने पिता शनिचरवा असुर (60) और माता देवमणिया असुर (55) पर कुल्हाड़ी से हमला किया। जिससे दोनों की जान चली गयी। पिता का कसूर सिर्फ इतना था, कि आरोपी बेटे को उसने, पोते को मारने से मना किया था।
आरोपी की पत्नी राजमुनि असुर ने पूछताछ में बताया कि आरोपी प्रकाश असुर नशे की हालत में घर आया। उनका बेटा एक खिलौना गाड़ी से खेल रहा था। प्रकाश ने बच्चे को जली हुई लकड़ी से मारना शुरू कर दिया। जब राजमुनि ने विरोध किया, तो उसने उनके सिर पर हथौड़े से वार कर दिया।
पत्नी को मारने के लिए प्रकाश कुल्हाड़ी निकालने लगा। जिसके बाद राजमुनि घर से भाग निकलीं। उस समय प्रकाश के माता-पिता भी उसे डांट रहे थे। कुछ देर बाद जब राजमुनि वापस घर पहुंचीं, तो उन्होंने देखा कि उसके सास-ससुर खून से लथपथ पड़े हैं।
जबकि प्रकाश घर से भाग गया था, वहीं उसके बच्चे रो रहे थे। आरोपी की पत्नी राजमुनि ने तुरंत ही प्रकाश के बड़े भाई को घटना की सूचना दी। गांव वालों ने बिशुनपुर पुलिस को खबर की। पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। वहीं, घायल राजमुनि का इलाज बिशुनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। पुलिस आरोपी प्रकाश की तलाश कर रही है।