झारखंड- दामाद का कांड: बीबी बार-बार चली जाती थी मायके, गुस्से में बुलडोजर के दामाद पहुंच गया ससुराल, तोड़ डाली घर की दीवार
Jharkhand – Son-in-law's scandal: Wife repeatedly went to her parents' house, angry son-in-law reached in-laws' house with bulldozer, broke the wall of the house.

Jharkhand News : पत्नी बार-बार मायके जाती थी, गुस्से पति JCB लेकर पहुंचा और ससुराल की दीवार को ही ढाह दिया। झारखंड में हुई इस घटना की हर जगह चर्चा है। पूरा मामला झारखंड के गिरिडीह जिले के जमुआ थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक पत्नी के बार-बार मायके चले जाने से नाराज पति जेसीबी लेकर ससुराल पहुंच गया और गुस्से में आकर पूरे मकान की चाहरदिवारी गिरा दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मिली जानकारी के मुताबिक गिरिडीह जिले के थाना क्षेत्र के सिरसिया गांव में एक युवक अपनी पत्नी के मायके बार-बार चले जाने से इतना नाराज हो गया कि वह जेसीबी मशीन लेकर सीधे ससुराल पहुंच गया और पूरे मकान की चाहरदिवारी को गिरा डाला। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आरोपी युवक की पहचान पिंटू मंडल के रूप में हुई है, जो घटनास्थल से कुछ दूरी पर स्थित गादी-चुंगलो गांव का रहने वाला है।
मिली जानकारी के मुताबिक पिंटू मंडल की पत्नी उर्मिला अक्सर अपने मायके सिरसिया गांव में रह रही थी। इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। पत्नी के बार-बार मायके चले जाने से पिंटू मंडल नाराज रहता था और इसी नाराजगी ने हिंसक रूप ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना की रात पिंटू मंडल जेसीबी मशीन लेकर अपने ससुराल पहुंचा।
आरोपी ने पहले तो उसने मकान को ध्वस्त करने की धमकी दी, जिससे परिवार के लोग और आसपास के ग्रामीण दहशत में आ गए। देखते ही देखते उसने जेसीबी से घर की पूरी चाहरदिवारी गिरा दी। तेज आवाज और तोड़फोड़ की सूचना मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों के इकट्ठा होने पर स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।
जिसके बाद आरोपी युवक जेसीबी मशीन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी तत्काल जमुआ थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी वहां से भाग चुका था। पिंटू मंडल की पत्नी उर्मिला ने आरोप लगाया कि उसका पति रोज शराब पीकर घर आता था और उसके साथ मारपीट करता था।
इसी वजह से वह अपने दोनों बच्चों के साथ मायके में रहने को मजबूर हुई। उर्मिला ने बताया कि घरेलू हिंसा से तंग आकर वह कई बार मायके आ जाती थी, हालांकि बीच-बीच में ससुराल भी जाती रही। वहीं, उर्मिला के पिता यानी पिंटू के ससुर का कहना है कि घटना के समय पिंटू मंडल अकेला नहीं था, बल्कि उसके साथ कई अन्य लोग भी मौजूद थे।
मकान की बाउंड्री तोड़े जाने का आरोप पिंटू मंडल नामक युवक पर है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन आरोपी फरार हो गया। अभी तक इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है।फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।









