झारखंड-शिक्षक दोषी करार : छात्रा से अश्लील हरकत मामले में कोर्ट ने शिक्षक को दोषी माना, 23 को सुनायी जायेगी सजा, कमरे में खींचकर…

Jharkhand-Teacher found guilty: Court finds teacher guilty in obscene act with student, sentence to be announced on 23rd, dragged into room...

रांची में नाबालिग छात्रा के साथ अश्लील हरकत करने के प्रयास के मामले में शिक्षक को दोषी करार दिया गया है। पोक्सो की विशेष अदालत ने साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर फैसला सुनाया, जबकि सजा पर अंतिम निर्णय 23 मार्च को होगा।
________________________________________
Jharhand Court News: राजधानी रांची में छात्रा के साथ अश्लील हरकत करने के प्रयास के मामले में शिक्षक अमरेंद्र कुमार राय को दोषी करार दिया गया है। यह फैसला पोक्सो (POCSO) की विशेष अदालत ने सुनाया है। अब इस मामले में सजा के निर्धारण के लिए अगली सुनवाई 23 मार्च को तय की गई है।जानकारी के अनुसार, आरोपी अमरेंद्र कुमार राय सदर थाना क्षेत्र के हैदरअली गली रोड का निवासी है।

उसे सदर थाना पुलिस ने 28 जनवरी 2025 को गिरफ्तार किया था और तभी से वह जेल में बंद है। अदालत में सुनवाई के दौरान उसे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पेश किया गया।मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने कुल पांच गवाहों को पेश किया, जिनके बयानों के आधार पर अदालत ने आरोपी को दोषी पाया। अदालत ने सभी साक्ष्यों और गवाहों के बयान का परीक्षण करने के बाद यह निर्णय दिया कि आरोपी के खिलाफ आरोप सिद्ध होते हैं।

प्राथमिकी के अनुसार, पीड़िता सातवीं कक्षा की छात्रा है, जो आरोपी के घर ट्यूशन पढ़ने जाती थी। वहां अन्य बच्चे भी पढ़ाई के लिए आते थे। घटना 27 जनवरी की रात की है, जब आरोपी ने सभी छात्रों को भेज दिया और पीड़िता को गणित पढ़ाने के बहाने रोक लिया।आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने छात्रा के साथ अश्लील हरकत की और उसे गलत नीयत से अपनी ओर खींचा।

इतना ही नहीं, उसने कमरे की लाइट भी बंद कर दी। जब छात्रा ने विरोध किया, तो आरोपी ने इसे सामान्य बात बताते हुए उसे शांत करने की कोशिश की।किसी तरह छात्रा आरोपी के चंगुल से खुद को छुड़ाकर वहां से भागने में सफल रही और अपने घर पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी अपनी मां और परिवार के अन्य सदस्यों को दी। इसके बाद परिजन तुरंत आरोपी के घर पहुंचे और उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

पीड़िता की शिकायत के आधार पर सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।इस मामले में अदालत द्वारा दोषी ठहराए जाने के बाद अब सभी की नजर 23 मार्च को होने वाली सुनवाई पर टिकी है, जिसमें आरोपी को सजा सुनाई जाएगी।

Related Articles