झारखंड-मां-बेटे सहित तीन की मौत: शराब लदी गाड़ी ने स्कूटी को मारी टक्कर, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत, लोगों को बचाने के बजाय शराब लूटते रहे लोग

Jharkhand – Three dead, including a mother and son: A liquor-laden vehicle collided with a scooter, killing three members of the same family; instead of saving people, people continued to loot liquor.

झारखंड में एक भीषण सड़क हादसे की खबर आ रही है। शराब लदी गाड़ी ने स्कूटी को टक्कर मार दी। घटना में मां-बेटे सहित तीन की मौत हो गयी। हैरानी की बात ये है कि हादसे के बाद घायलों को अस्पताल भेजने के बजाय स्थानीय लोग शराब लूटने में मशगूल हो गये। इधर हादसे के बाद हाईवे जाम हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
________________________________________
Jharkhand Big Accident। झारखंड के लोहरदगा जिले में आज दर्दनाक हादसा हो गया। शराब लेकर जा रही मेटाडोर ने स्कूटी को टक्कर मार दी। इस घटना में मां-बेटे सहित एक ही परिवार के तीन लोगों की जान चली गई। यह हादसा लोहरदगा कुड़ू थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे कुड़ू-रांची मुख्य मार्ग पर ढुलुवाखुंटा के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार शराब लदे मालवाहक वाहन और स्कूटी के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।

मिली जानकारी के मुताबिक, रोन्हैया कोलसिमरी गांव निवासी विषुण भगताईन अपने पुत्र किशोर भगत और भतीजा निरंजन उरांव के साथ स्कूटी (JH01BD 0695) से मांडर अस्पताल जा रही थीं। बताया जा रहा है कि उनके पति अस्पताल में भर्ती थे और उन्हें देखने के लिए वे घर से निकले थे। इसी दौरान सामने से आ रही मालवाहक गाड़ी (JH01AE 4495), जो रांची से पलामू की ओर जा रही थी, ने स्कूटी को टक्कर मार दी।

दोनों वाहनों में टक्कर इतनी भीषण थी कि किशोर भगत और निरंजन उरांव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल विषुण भगताईन को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

हादसे के बाद मालवाहक वाहन सड़क पर पलट गया, जिससे नेशनल हाईवे पर लंबा जाम लग गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। इसी बीच वाहन में शराब लदी होने की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और कुछ लोगों ने शराब लूटने की कोशिश भी की।

स्थिति बिगड़ती देख अजीत कुमार, थाना प्रभारी कुड़ू, पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को हटाकर हालात को नियंत्रण में लिया। वहीं संतोष उरांव भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।कुछ समय के लिए आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया, लेकिन प्रशासन की समझाइश के बाद करीब दो घंटे में जाम हटाया गया और यातायात सामान्य किया गया।

इस हादसे में मालवाहक वाहन में सवार तीन लोग भी घायल हुए हैं, जिनकी पहचान विनत मुंडा, विकास मिंज और टिंकू राम के रूप में हुई है। सभी का प्राथमिक उपचार कुड़ू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया गया, जबकि दो गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स अस्पताल रेफर किया गया है।

Related Articles