लेडी सब इंस्पेक्टर-आरक्षक संग पकड़ाई, सरप्राइज देने पहुंचा था होने वाला पति, बेवफाई से दुखी वकील ने दे दी जान, 30 दिसंबर को थी शादी
Lady sub-inspector caught with constable, husband-to-be had come to surprise her, lawyer saddened by infidelity commits suicide, wedding scheduled for December 30

Lawyer-Sub Insepector Love Story : सब इंस्पेक्टर गर्लफ्रेंड से शादी से 15 दिन पहले वकील ने फांसी पर लटककर जान दे दी। 5 साल तक चले अफेयर के बाद लेडी सब इंस्पेक्टर के साथ मृतक वकील मृत्युंजय चौहान की शादी 30 दिसंबर को होने वाली थी। लेकिन सब इंस्पेक्टर की बेवफाई ने वकील मृत्युंजय चौहान को पूरी तरह से तोड़ दिया। पूरा मामला मध्यप्रदेश के ग्वालियर का है।
मृतक मृत्युंजय चौहान के रूप में हुई है, जो ग्वालियर के आदर्श पुरम इलाके में किराए के मकान में रहता था। आत्महत्या की यह घटना इसलिए भी अधिक संवेदनशील हो गई, क्योंकि महज कुछ ही दिनों बाद यानी 30 दिसंबर को उसकी शादी मुरैना में पदस्थ एक महिला सब-इंस्पेक्टर से होने वाली थी।
मृत्युंजय और महिला SI के बीच पिछले करीब पांच वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों परिवारों की सहमति से विवाह तय हो चुका था। पिछले शुक्रवार को मृत्युंजय अपनी प्रेमिका से मिलने मुरैना गया था, जहां उसने सब इंस्पेक्टर को कमरे में एक अन्य आरक्षक के साथ देखा। इसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गया। इस घटना के बाद से ही मृत्युंजय मानसिक रूप से बेहद परेशान और अवसादग्रस्त हो गया था।
परिजनों का आरोप है कि मारपीट की घटना को लेकर मृत्युंजय ने थाने में शिकायत भी दर्ज कराई थी, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई। इससे वह और अधिक टूट गया। घटना के बाद उसने अपनी मां शिवकुमारी को फोन कर रोते हुए पूरी बात बताई थी। मां ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन बेटे की मन:स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई।
सोमवार को जब पुलिस को सूचना मिली, तो वह मौके पर पहुंची और शव को फांसी से उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। कमरे का दृश्य भी कई सवाल खड़े करता है। किचन में गैस पर खाना रखा हुआ था, थाली में कुछ निवाले खाए गए थे। पास में शराब की खुली बोतल और गिलास मिला, वहीं एक मोटी रस्सी भी पड़ी थी, जिससे आत्महत्या की पूर्व तैयारी की आशंका जताई जा रही है। मृत्युंजय ने पतली प्लास्टिक की रस्सी से फांसी लगाई थी। वह अपने पालतू डॉगी के साथ अकेला रहता था।
आत्महत्या से पहले मृत्युंजय ने सोशल मीडिया पर एक स्टेटस भी लगाया था, जिसमें हाल ही में चर्चित फिल्म ‘तेरे इश्क में’ का डायलॉग लिखा था— “प्रेम में मृत्यु है, लेकिन मुक्ति नहीं।” इस स्टेटस पर उसकी प्रेमिका की ओर से ‘ब्लेस’ कमेंट भी किया गया था, जिसे लेकर अब कई सवाल उठ रहे हैं। मृत्युंजय की मां शिवकुमारी, जो एक सरकारी शिक्षिका हैं, बेटे की मौत से पूरी तरह टूट गई हैं।
शव से उतारे गए कड़ा, चेन और ताबीज जब पुलिस ने उन्हें सौंपे, तो वह फूट-फूटकर रो पड़ीं। उन्होंने कहा, “भगवान ने मेरा एकमात्र सहारा छीन लिया।” मां ने बताया कि हाल ही में बेटे ने ही उनका दिल्ली में ऑपरेशन कराया था और रोज फोन कर उनका हालचाल पूछता था।मां ने यह भी आरोप लगाया कि मृत्युंजय ने अपनी कमाई से ग्वालियर में दो प्लॉट प्रेमिका के नाम खरीदे थे। सब कुछ सामान्य लग रहा था और किसी तरह का शक नहीं था। मृत्युंजय वकालत के साथ-साथ पीएचडी भी कर रहा था और परिवार की बड़ी जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी।









