हे भगवान ! उद्घाटन के मौके पर चक्की हो गयी ब्लास्ट, दो लोगों की गयी जान, एक की हालत गंभीर, हादसे से हड़कंप
Oh God! On the occasion of inauguration, a mill blast took place, two people died, one is in critical condition, panic due to the accident

Big Accident News। उद्घाटन के दिन ही ऐसा हादसा हो गया, कि सुनकर पूरा गांव थर्रा उठा। आटा चक्की के उद्घाटन के दिन चक्की फट गयी, जिसकी चपेट में आकर दो लोगों की जान चली गयी। घटना यूपी के लखीमपुर के भीरा थाना क्षेत्र के मटहिया गांव की है। जानकारी के मुताबिक देर शाम बड़ा हादसा हो गया।
गांव में उद्घाटन के दिन ही आटा चक्की मशीन अचानक धमाके के साथ फट गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि गांव मटहिया निवासी उपदेश यादव पुत्र गजोधर (38 वर्ष) करीब तीन दिन पहले ट्रैक्टर से जोड़कर चलने वाली आटा पीसने और धान कूटने की मशीन लेकर आया था।
इसका उद्घाटन किया गया और गांव में ही काम शुरू हुआ। इस मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण आटा पीसने और धान कूटने के लिए पहुंचे थे।बताया जा रहा है कि जैसे ही चक्की मशीन चलनी शुरू हुई, अचानक तेज धमाका हो गया। धमाका इतना भीषण था कि मशीन के भीतर लगे पत्थर टूटकर दूर-दूर जा गिरे। वहां मौजूद लोग घबराकर इधर-उधर भागने लगे।
धमाके के समय चक्की के पास खड़े हरपाल पुत्र बिंद्रा (40 वर्ष) निवासी मटहिया की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, चक्की मालिक उपदेश यादव और ग्रामीण मोहित कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल सीएचसी बिजुआ ले जाया गया। वहां से हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन रास्ते में ही उपदेश यादव की मौत हो गई।इस तरह हादसे में कुल दो लोगों की जान चली गई। घायलों का इलाज जारी है।
ग्रामीणों का कहना है कि मशीन में कोई तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसके चलते यह विस्फोट हुआ। चक्की हाल ही में खरीदी गई थी और उद्घाटन के दिन ही इस तरह का हादसा होना गांव वालों के लिए बेहद सदमे की बात है।घटना की सूचना मिलते ही भीरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। हादसे की खबर पूरे इलाके में फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मटहिया गांव पहुंच गए। गांव में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा और घायलों का बेहतर इलाज कराने की मांग की है।









