झारखंड : शिक्षक दिवस के दिन शिक्षक करेंगे प्रदर्शन, वेतन को लेकर दिये आदेश से हैं नाराज, जानिये क्या कहना है शिक्षकों का…

Jharkhand: Teachers will protest on Teachers' Day, they are angry with the order regarding salary, know what the teachers have to say...

Jharkhand News : प्राथमिक और मध्य विद्यालय शिक्षकों में रांची जिला शिक्षा अधीक्षक (डीएसई) बादल राज के आदेश को लेकर गहरा आक्रोश है। वार्षिक वेतनवृद्धि रोकने और मजिस्ट्रेट कार्यालय में शपथ पत्र जमा कराने की प्रक्रिया को शिक्षक अपमानजनक बता रहे हैं। इसके विरोध में शिक्षक संघ ने शिक्षक दिवस (5 सितंबर) पर शिक्षा परिसर में आदेश की प्रतियां जलाकर आंदोलन की शुरुआत करने का ऐलान किया है।

 

तीन हजार शिक्षकों की वेतनवृद्धि रुकी

अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ, रांची इकाई के अनुसार जिले के करीब तीन हजार शिक्षकों की जुलाई माह से वार्षिक वेतनवृद्धि रोक दी गई है। डीएसई ने इसका आधार हिंदी टिप्पण परीक्षा पास न करना बताया है। संघ का कहना है कि इस परीक्षा से शिक्षकों को पहले ही छूट दी जा चुकी है। इसके बावजूद वेतनवृद्धि रोकना न केवल अव्यवहारिक है, बल्कि शिक्षकों के साथ अन्याय भी है।

 

शपथ पत्र की अनिवार्यता पर बवाल

डीएसई रांची ने शिक्षकों से प्रथम श्रेणी दंडाधिकारी के समक्ष शपथ पत्र दिलाने का आदेश दिया है। शिक्षक संघ ने इसे अपमानजनक करार दिया है। संघ के मुख्य प्रवक्ता नसीम अहमद ने कहा कि हजारों शिक्षकों को स्कूल छोड़कर मजिस्ट्रेट कार्यालय का चक्कर लगाने पर मजबूर करना शिक्षा व्यवस्था के साथ खिलवाड़ है। यह आदेश न तो नियमों के अनुरूप है और न ही व्यावहारिक।

 

शिक्षक दिवस से आंदोलन की शुरुआत

शिक्षक संघ ने घोषणा की है कि आंदोलन की शुरुआत 5 सितंबर को शिक्षक दिवस से होगी। दोपहर 1 बजे जिलेभर के प्राथमिक और मध्य विद्यालय शिक्षक रांची कचहरी स्थित शिक्षा परिसर में एकत्र होंगे और डीएसई के आदेश की प्रतियां जलाकर विरोध दर्ज करेंगे। संघ ने स्पष्ट किया है कि जब तक वार्षिक वेतनवृद्धि बहाल नहीं होगी, आंदोलन चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा।

 

शिक्षकों की तैयारी

आंदोलन की तैयारी को लेकर सभी प्रखंडों में बैठकें आयोजित की जा रही हैं। शिक्षक नेताओं का कहना है कि यह केवल वेतन का सवाल नहीं है, बल्कि शिक्षा व्यवस्था की गरिमा का मामला है। संघ के नेता अनूप केशरी ने कहा कि सभी शिक्षक एकजुट होकर इस लड़ाई को लड़ेंगे।

 

बैठक में जुटे शिक्षक नेता

संघ की बैठक में नसीम अहमद, अनूप केशरी, राकेश कुमार, अजय ज्ञानी, संतोष कुमार, सलीम सहाय, कृष्ण शर्मा, अफसरुद्दीन, गोवर्धन महतो, सतीस बड़ाइक, सुमंत कुमार लाल, शिवनाथ टोप्पो, आगमलाल महतो, संतोष तिवारी, विजय मुंडा, सहदेव कुमार, शमीम अंसारी, कमलेश कुमार और जुबैर अंसारी समेत कई शिक्षक नेता मौजूद रहे। सभी ने आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प लिया।संघ ने संकेत दिया है कि अगर उनकी मांगों की अनदेखी की गई तो वे बड़े आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। शिक्षक दिवस जैसे दिन विरोध दर्ज कराने का फैसला सरकार और प्रशासन को स्थिति की गंभीरता बताने की कोशिश है।

ashrita

It is one of the rapidly emerging news websites of the country. HPBL has proved its name (Har Pal Breaking Live) meaningful every time. HPBL, which has become a trusted brand of Bihar-Jharkhand, check every news of HPBL for its reliability before delivering it to you. The reporters and desk staff of hpblnews.com news website work on a 24X7 mission mode for you, the readers.

Related Articles